Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा गंगा-जमुनी तहजीब के खिलाफ है, ज्ञानवापी सर्वे उसका हिस्सा : अखिलेश यादव

जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राहुल गांधी की सजा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जो आदेश दिया है उससे जनता का विश्वास न्यायालय और लोकतंत्र पर बढ़ा है। भाजपा के अहंकार और नीचा दिखाने की राजनीति की हार हुई है। ज्ञानवापी सर्वे के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा गंगा जमुनी तहजीब के खिलाफ है।

By Nishant YadavEdited By: Siddharth ChaurasiyaUpdated: Sat, 05 Aug 2023 09:59 PM (IST)
Hero Image
ज्ञानवापी सर्वे के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा गंगा जमुनी तहजीब के खिलाफ है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राहुल गांधी की सजा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जो आदेश दिया है, उससे जनता का विश्वास न्यायालय और लोकतंत्र पर बढ़ा है। भाजपा के अहंकार और नीचा दिखाने की राजनीति की हार हुई है।

ज्ञानवापी सर्वे के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा गंगा जमुनी तहजीब के खिलाफ है। ज्ञानवापी सर्वे उसका हिस्सा है। भाजपा गैर बराबरी का प्रयास कर रही है, इसके लिए सच्चे हिंदुओं को आगे आना होगा। जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित जयंती कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा धर्म का दुरुपयोग कर सत्ता हथियाना चाहती है। जनता को गुमराह कर समाज को बांटना चाहती है। भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। अधिकारी लगातार भ्रष्टाचार कर रहे हैं।

भाजपा भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके का आविष्कार कर रही है। देश में लगातार हिंसा की सूचना मिल रही है। मणिपुर की घटना से दुनिया में भारत का नाम झुका है। माताओं, बेटियों और बहनों के साथ जिस तरह की घटना हो रही है, कोई कल्पना नहीं कर सकता है। याद कीजिए चीर खींचने से महाभारत हो गई थी। भाजपा की सरकारों में महिला उत्पीड़न की घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है।

सपा के विधायकों को तोड़ने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के जो डिब्बे थे वो अपने आप को इंजन समझने लगे हैं। जनेश्वर मिश्र ने हमेशा सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी। उन्होंने गैरबराबरी, सामाजिक और आर्थिक भेदभाव मिटाने और सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ाई लड़ी।

इस अवसर पर जूही सिंह, विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व विधायक अम्बरीष सिंह पुष्कर, पूर्व मंत्री आरके चौधरी, पूजा शुक्ला, किरन पांडेय, विजय सिंह, रामसागर यादव, जयसिंह जयंत, सुशील दीक्षित, मधुप यादव उपस्थित थे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर