Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा का सदस्यता अभियान 2 सितंबर से, OBC मोर्चा करेगा घर-घर संपर्क

भाजपा का सदस्यता अभियान 2 सितंबर से शुरू होगा । ओबीसी मोर्चा घर-घर जाकर पिछड़ों को सदस्य बनाएगा। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं से जन-जन तक पहुंचने और केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों का प्रचार करने को कहा है । सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की बैठक गुरुवार को होगी ।

By Shobhit Srivastava Edited By: Aysha Sheikh Updated: Wed, 28 Aug 2024 07:09 PM (IST)
Hero Image
अब दो सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सदस्यता अभियान - प्रतीकात्मक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा का सदस्यता अभियान अब दो सितंबर से शुरू होगा। पहले यह अभियान एक सितंबर से शुरू होना था। भाजपा ने इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बुधवार को ओबीसी मोर्चा की सदस्यता अभियान कार्यशाला में कहा कि दो सितंबर से पार्टी के कार्यकर्ताओं को जन-जन तक पहुंचना है। सदस्यता अभियान पार्टी व संगठन के विस्तार का बड़ा अवसर होता है। हम सभी को लक्ष्य तय करके सदस्यता अभियान में जुटना होगा।

सहकारिता भवन में आयोजित भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता अभियान को संगठन पर्व के रूप में मनाते हुए हमें समाज के हर वर्ग और हर घर तक पहुंचना है। इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों का प्रचार प्रसार कर जन-जन को पार्टी की विचारधारा से जोड़कर उन्हें सदस्य बनाना है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर काम करते हुए भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए कार्य किया है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को एकजुट होकर सदस्यता अभियान में अपनी भूमिका का निर्वहन करना है।

पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप ने सदस्यता अभियान में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भूमिका की विस्तारपूर्वक चर्चा की। कहा कि प्रदेश में मोर्चे को 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। मोर्चे के हम सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन की योजना के अनुसार कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ना है। मोर्चा के कार्यकर्ता गांव, गली, मोहल्लों में घर-घर जाकर पिछड़ों को सदस्य बनाएंगे।

किसान, अनुसूचित जनजाति व अल्पसंख्यक मोर्चा की कार्यशाला आज

सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की बैठक गुरुवार को होगी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह शामिल होंगे। प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि गुरुवार 29 अगस्त को किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला लखनऊ के विश्वेश्वरैया हाल में होगी।

इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति मोर्चा की कार्यशाला पार्टी के प्रदेश मुख्यालय व अल्पसंख्यक मोर्चा की कार्यशाला गांधी भवन में होगी। इसी प्रकार अनुसूचित जाति मोर्चा की कार्यशाला 30 अगस्त को भागीदारी भवन में होगी। विभाग एवं प्रकोष्ठ की कार्यशाला भी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर 30 को होगी। एक सितंबर को युवा मोर्चा की कार्यशाला वाराणसी में होगी।

ये भी पढ़ें - 

'कांग्रेस-सपा में घुस गई जिन्ना की आत्मा', CM Yogi का बयान; समाज को बांटने का लगाया आरोप