Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कब्र खोदकर निकाली गई लाश, चार महीने पहले कैसे हुई थी मौत… पुलिस करेगी जांच

मैनपुरी में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है। चार महीने बाद प्राथमिकी दर्ज होने के बाद न्यायालय के आदेश पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विवाहिता के परिजनों ने ससुरालीजन पर दहेज के लिए उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 13 Sep 2024 05:24 PM (IST)
Hero Image
अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को दफनाने के मुकदमे में पुलिस की जांच तेज हो गई है। चार माह बाद घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। न्यायालय के आदेश के बाद शुक्रवार को अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

यह है पूरा मामला

मैनपुरी नगर के मोहल्ला महमूदनगर निवासी मेंबर हसन की पुत्री आसपा का निकाह दो जून 2023 को थाना बिछवां के गांव करीमगंज निवासी शाहरुख खान के साथ हुआ था। 28 अप्रैल 2024 को परिजनों को जानकारी मिली थी कि ससुरालीजन ने आसपा की हत्या कर शव को गांव के पास स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया है। 

घटना के करीब चार माह बाद 22 अगस्त 2024 को मेंबर हसन ने थाना बिछवां पहुंच कर ससुरालीजन के विरुद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मेंबर हसन का कहना था कि निकाह के दौरान ही ससुरालीजन ने ब्रेजा कार की मांग शुरू कर दी थी।

मांग पूरी न होने पर  पति शाहरुख खां, सास सुधा बेगम, जेठ शमीम खां, जेठानी शहनाज, देवर सलमान ने आसपा का उत्पीड़न शुरू कर दिया था। मामले की जांच सीओ भोगांव को सौंपी गई। परिजनों ने शव काे कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की थी। इसे लेकर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था।

न्यायालय के आदेश के बाद डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने एसडीएम सदर की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम कराए जाने का निर्देश दिया। 

शुक्रवार को एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, विवेचक सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा, एसओ बिछवां अवनीश गौतम ने कब्रिस्तान पहुंच कर शव को कब्र से निकलवाने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। 

सीओ भोगांव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल द्वारा किया जाएगा। रिपोर्ट मिलने पर मृत्यु का सही कारण पता चल सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: बारिश का कहर: गजरौला-हसनपुर में गिरे कई मकान, मलबे में दबकर पांच घायल

यह भी पढ़ें: यूपी में Swine Flu से मौत का सिलसिला शुरू, खौफजदा लोग; डॉक्‍टरों ने कहा- चार लक्षणों को कभी मत करना नजरअंदाज

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर