Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lucknow Crime News: नौकरी का झांसा देकर जीजा ने साले से ठगे छह लाख, देखें शहर की अन्‍य खबरें

Lucknow News पीड़ित ने अपने जीजा समेत अन्य जालसाजों पर पीजीआइ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर ब्रजेश यादव के मुताबिक आरोप‍ित खाद कंपनी में नौकरी करते हैं और पीड़‍ित को कंपनी में भर्ती कराने का झांसा दिया था।

By Saurabh ShuklaEdited By: Anurag GuptaUpdated: Sat, 26 Nov 2022 10:47 PM (IST)
Hero Image
Lucknow Crime News: प्लाट दिलाने के नाम पर दो से 16 लाख ठगे।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। दिल्ली में एक खाद कंपनी के हेडक्वार्टर में नौकरी लगवाने का झांसा देककर जालसाजों ने तेलीबाग के लौंगाखेड़ा में रहने वाले अभिषेक से छह लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित अभिषेक ने अपने जीजा समेत अन्य जालसाजों पर पीजीआइ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर ब्रजेश यादव के मुताबिक अभिषेक के जीजा देवेंद्र यादव खाद कंपनी में नौकरी करते हैं। कंपनी में भर्ती कराने का झांसा दिया। एचआर ऋषि श्रीवास्तव से मुलाकात कराई और फिर फार्म भरवाया। नौकरी के नाम पर देवेंद्र और ऋषि ने छह लाख रुपये लिए। नौकरी न लगने पर अभिषेक ने विरोध किया तो उक्त लोगों ने धमकी दी।

प्लाट दिलाने के नाम पर दो से 16 लाख ठगे :

ओमेक्स मेट्रो सिटी प्रोजेक्ट में प्लाट दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने गोंडा आवास विकास कालोनी के रहने वाले डाक्टर मनोज कुमार सिन्हा से छह लाख रुपये ठग लिए। डा. मनोज ने इस संबंध में पीजीआइ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अपने एक परिचित के साथ जनवरी 2020 में ओमेक्स के कल्ली पश्चिम कार्यालय में एजेंट अजय कुमार सिंह से मिले। उसने प्लाट दिखाया। पसंद आने पर डाक्टर ने 15 लाख रुपये का चेक दे दिया। आरोप है कि रुपयों का भुगतान होने के बाद भी प्लाट की रजिस्ट्री नहीं की। विरोध पर टाल मटोल करते रहे। दबाव बनाने पर नौ लाख रुपये वापस किए छह लाख देने से मना कर दिया। इसके बाद धमकी देने लगे। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित कन्नौज का रहने वाला है। उधर, हैदरगंज वार्ड में जालसाजों ने खुद को प्लाट मालिक बताकर बहराइच के हरचंदा के रहने वाले अनवर खां से 10 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद प्लाट का बैनामा भी कर दिया। जानकारी होने पर पीड़ित ने विरोध किया तो उसे धमकी दी। पीड़ित ने इस संबंध में दुबग्गा थाने में जालसाज मोहम्मद नफीस, शहजादे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

महिला से छेड़छाड़, विरोध पर दिव्यांग पति को पीटा :

सैरपुर इलाके में हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र ने एक महिला से छेड़छाड़ की। विरोध पर उसके दिव्यांग पति को लाठी-डंडों से जमकर पीटा और धमकाते हुए भाग निकले। इंस्पेक्टर अख्तियार अहमद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। पीड़िता के मुताबिक बीते 19 नवंबर को वह दुकान पर बैठी थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाले सुरेंद्र सिंह उर्फ बंटू पहुंचे और अश्लील इशारे करने लगे। विरोध पर मारपीट करने लगे। बचाव में दिव्यांग पति दौड़े तो सुरेंद्र ने हमला बोल दिया। पति तो लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वह हिस्ट्रीशीटर है। हत्या और दुष्‍कर्म के मामले में जेल भी जा चुका है।

अधिवक्ता की कार में टक्टर मारी, विरोध पर पीटा 

कुकरैल बंधे पर शुक्रवार सुबह हाईकोर्ट जा रहे अधिवक्ता वरुण प्रताप सिंह की कार में अल्टो सवार दबंगों ने टक्कर मार दी। अधिवक्ता के विरोध पर दबंगों ने उन पर हमला बोल दिया। जमकर पीटा और फिर धमकाते हुए भाग निकले। हमले में अधिवक्ता की आंख के पास और सिर पर गंभीर चोट आयी है। इंस्पेक्टर गाजीपुर सुनील सिंह ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है। अधिवक्ता जानकीपुरम वशिष्ठपुरम के रहने वाले हैं।

फंदे से लटका मिला छात्र का शव 

ठाकुरगंज इलाके के रिंग रोड पक्का बाग में रहने वाले बीकाम छात्र 22 वर्षीय विकास गुप्ता ने फांसी लगा ली। शुक्रवार देर रात कमरे में फंदे पर विकास का शव लटका मिला। घटना के समय परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया था। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ने बताया कि देर रात पिता राजू गुप्ता व अन्य लोग लौटे तो घर में गमछे से फंदे पर विकास का शव लटक रहा था। विकास की आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच की जा रही है।