Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News : आज से शुरू हो रहा विधानमंडल का बजट सत्र, राममय नजर आएंगे दोनों सदन; सीएम योगी ने कही बड़ी बात

उत्तर प्रदेश में विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू होगा। सरकार पांच फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए उत्तर प्रदेश का बजट पेश करेगी। बजट सत्र से पहले गुरुवार शाम लोकभवन सभागार में भाजपा व उसके सहयोगी दलों के विधानमंडल सदस्यों की बैठक हुई। सीएम योगी ने कहा कि सत्र के दौरान दोनों सदन राममय प्रतीत होने चाहिए।

By Jagran News Edited By: Jeet KumarUpdated: Fri, 02 Feb 2024 06:30 AM (IST)
Hero Image
आज से शुरू हो रहा विधानमंडल का बजट सत्र, राममय नजर आएंगे दोनों सदन

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आज (शुक्रवार) से शुरू हो रहे विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान दोनों सदन राममय नजर आएंगे। भाजपा और उसके सहयोगी दलों के विधान परिषद और विधानसभा के सभी सदस्य सदन में रामनामी/पीला गमछा धारण करेंगे। वहीं 11 फरवरी को राज्य सरकार के सभी मंत्री और भाजपा व उसके सहयोगी दलों के विधायक रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या जाएंगे।

बजट सत्र से पहले गुरुवार शाम लोकभवन सभागार में भाजपा व उसके सहयोगी दलों के विधानमंडल सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए सभी सदस्यों की ओर से शुभेच्छाएं जताने के लिए उनका साधुवाद किया।

पीले गमछे के साथ ही सदन में प्रवेश करेंगे सदस्य

उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान दोनों सदन राममय प्रतीत होने चाहिए। भाजपा व सहयोगी दलों के सभी सदस्य सदन में पीला गमछा/रामनामी धारण कर आएं। शुक्रवार को विधान भवन स्थित भाजपा विधानमंडल दल कार्यालय में भाजपा व सहयोगी दलों के सभी एमएलए व एमएलसी को पीले गमछे/रामनामी उपलब्ध कराई जाएगी। इसे धारण कर ही सदस्य सदन में प्रवेश करेंगे।

विधानसभा में भाजपा को बहुमत हासिल

विधानसभा में भाजपा व उसके सहयोगी दलों को तीन-चौथाई बहुमत हासिल है, जबकि 100 सदस्यीय विधान परिषद में उसके 83 सदस्य हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 फरवरी को राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य तथा भाजपा व सहयोगी दलों के विधायक रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। बैठक में सभी एमएलए व एमएलसी को रामलला का प्रसाद वितरित किया गया।

सदन में राममय वातावरण बना रहेगा

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस राममय वातावरण को सदन के बाहर भी बनाए रखना है और लोकसभा चुनाव में उप्र की सभी 80 सीटें पार्टी को जिताना है। सत्ता पक्ष के सभी सदस्यों को उन्होंने सदन में समय से मौजूद रहने और पूरी तैयारी के साथ आने की नसीहत दी। कहा कि शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान यदि विपक्ष सदन में हंगामा करता है तो भी सत्तापक्ष के सदस्य संयम बरतें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि परिश्रम करेंगे तो लोकसभा चुनाव में भाजपा 80 सीटें जीतेगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नमो एप के माध्यम से विकसित भारत एंबेसडर बनाने के साथ पार्टी जल्द ही नारी शक्ति वंदन महासंपर्क अभियान शुरू करेगी। वहीं फरवरी से मार्च तक भाजपा लाभार्थी संपर्क अभियान भी संचालित करेगी। बैठक को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा ऐलान, यूपी में होने जा रहा है यह बड़ा काम- परिजनों को मिलेगी बहुत बड़ी राहत

रामभक्तों को अयोध्या दर्शन कराने का कार्यक्रम आज से

भाजपा की ओर से शुक्रवार से प्रदेश के विभिन्न जिलों के रामभक्तों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने की तैयारी है। शुक्रवार यानी दो फरवरी को कानपुर देहात, तीन फरवरी को लखीमपुर खीरी और चार फरवरी को सुबह संभल और शाम को बाराबंकी के रामभक्तों को अयोध्या लाकर रामलला के दर्शन कराने की योजना है। प्रदेश के रामभक्तों को जहां बसों के जरिये अयोध्या लाने की तैयारी है, वहीं अन्य प्रदेशों के रामभक्तों का अयोध्या आगमन पांच फरवरी को ट्रेनों के माध्यम से होगा। पार्टी ने अयोध्या में विकसित की गई टेंट सिटी में रामभक्तों को ठहराने और उनके भोजन की व्यवस्था की है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें