Move to Jagran APP

लखनऊ के इंदिरानगर में मिले अज्ञात शव की शिनाख्‍त के लिए पुलिस कराएगी डीएनए टेस्‍ट

चुरामन का पुरवा गांव के बाहर जंगल में हत्या कर फेंके गए शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। न ही अभी तक यह पता चल सका है कि शव महिला का है या पुरुष का। पुलिस इसके लिए डीएनए जांच कराएगी।

By Vrinda SrivastavaEdited By: Updated: Mon, 30 May 2022 02:40 PM (IST)
Hero Image
जंगल में हत्या कर फेंके गए शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। इंदिरानगर के चुरामन का पुरवा गांव के बाहर जंगल में हत्या कर फेंके गए शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। न ही अभी तक यह पता चल सका है कि शव महिला का है या पुरुष का। पुलिस, इसके लिए डीएनए जांच कराएगी। डीएनए की रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा कि शव किसका है। पुलिस की कई टीमें शव की शिनाख्त के प्रयास में लगी है।

इंस्पेक्टर इंदिरानगर आरपी प्रजापति के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए वहां पर शव रखा जाएगा। उधर, पुलिस की टीमें शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही हैं। पड़ोसी जनपदों में भी शव मिलने की सूचना प्रसारित कर दी गई है। चुरामन पुरवा के जंगल में रविवार को चादर में लिपटा शव मिला था। शव को जानवर नोच रहे थे। घटना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। भीषण दुर्गंध आ रही थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निकलवाया था।

मौके पर इंस्पेक्टर आरपी प्रजापति, पुलिस बल और फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने शव को चादर से निकलवाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को जानवरों ने बुरी तरह से नोच डाला था। इस कारण पता नहीं चल पा रहा है कि शव पुरुष का है या महिला का। उसका सिर भी गायब है। हालांकि शव करीब दस से 15 दिन पुराना बताया जा रहा है।

अब तक नहीं मिला सिर : अभी तक शव का सिर भी पुलिस को नहीं मिल सका है। पुलिस की टीमें जंगलों और आस पड़ोस के गांव में सिर की खोजबीन कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद हत्यारों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंका है। माना जा रहा है कि हत्या कहीं और की गई है। उसके बाद सिर को भी किसी दूसरे स्थान पर फेंकने के बाद धड़ यहां जंगल में फेंका गया था।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।