Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lucknow Zoo: लखनऊ के चिड़ियाघर में एक साथ जन्‍मे 12 बच्‍चे, पहली बार बढ़ा घड़ियाल का कुनबा

लखनऊ चिड़ियाघर में पहली बार मादा घड़ियाल ने एक साथ 12 अंडे दिए थे। इन अंडे से घड़ियाल के बच्चे बाहर आ गए हैं। बता दें क‍ि एक समय था जब यहां घड़ियालों की संख्या देश के अन्य चिड़ि‍याघरों की अपेक्षा अधिक थी जो धीरे-धीरे कम हो गई थी।

By Anurag GuptaEdited By: Updated: Mon, 25 Jul 2022 08:55 PM (IST)
Hero Image
लखनऊ प्राणी उद्यान में डाक्टर कर रहे मादा घड़ियाल व बच्चों की देखभाल।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। चिड़ियाघर में नन्हें घड़ियालों की चहलपहल यहां आने वाले दर्शकों को आकर्षित कर रही है। यहां घड़ियालों का कुनबा अचानक बढ़ गया है। चिड़ियाघर में पहली बार मादा घड़ियाल ने एक साथ 12 अंडे दिए थे। इन अंडे से घड़ियाल के बच्चे बाहर निकल आए हैं। अंडे से बाहर निकले सभी बच्चे स्वस्थ हैं। चिड़ियाघर के डाक्टर और कीपर मादा घड़ियाल और उनके बच्चों की देखभाल कर रहे हैं।

लखनऊ चिड़ियाघर में कभी घड़ियालों की संख्या देश के अन्य चिड़ि‍याघरों की अपेक्षा अधिक थी। यहां से पिछले 10 साल में 19 घड़ियालों को दूसरे प्राणि उद्यानों को भेजा गया था। चिड़ियाघर से वन्यजीव विनिमय के तहत वर्ष 2012 में कानपुर चिड़ियाघर को दो, वर्ष 2013 में राजकोट प्राणि उद्यान को तीन, वर्ष 2014 में राजकोट को ही चार, वर्ष 2017 में ओडिसा प्राणि उद्यान को चार, वर्ष 2021 में कुकरैल घड़ियाल केंद्र को दो, वर्ष 2022 में नागालैंड प्राणि उद्यान को चार घड़ियाल भेजे गए थे।

पिछले कुछ समय से प्रजनन दर में कमीं के कारण लखनऊ चिड़ियाघर में घड़ियालों की संख्या भी घट गई थी। मौजूदा समय में केवल सात घड़ियाल ही चिड़ियाघर में बचे थे। जिसमें तीन नर, एक मादा घड़ियाल के अलावा तीन बच्चे शामिल हैं। यहां की एकमात्र मादा घड़ियाल को कुकरैल घड़ियाल केंद्र से 22 वर्ष पहले चिड़ियाघर लाया गया था।

इस मादा घड़ियाल ने 12 अंडे दिए थे। अर्से बाद इतनी बड़ी संख्या में हुए अंडे को सुरक्षित रखने में चिड़ियाघर प्रशासन भी सतर्क रहा। उनको सुरक्षित रखा गया। जिसके बाद सभी 12 अंडे से बच्चे बाहर निकल आए हैं। प्राणि उद्यान के निदेशक वीके मिश्र ने बताया कि सभी 12 बच्चों के खानपान और स्वास्थ्य की मानीटरिंग की जा रही है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें