Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नितिन गडकरी से मुलाकात कर सीएम योगी ले आए सौगातों का पिटारा, यूपी में होगा राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से संबंधित परियोजनाओं की बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष प्रदेश में एनएच के विस्तार की मांग रखी। उन्होंने केंद्र सरकार को आश्वस्त भी किया कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार की प्रक्रिया थमने नहीं दी जाएगी।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Tue, 13 Aug 2024 02:47 AM (IST)
Hero Image
राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार में आने वाली हर बाधा करेंगे दूर: योगी

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से संबंधित परियोजनाओं की बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष प्रदेश में एनएच के विस्तार की मांग रखी। 

उन्होंने इस बात के लिए केंद्र सरकार को आश्वस्त भी किया कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार की प्रक्रिया थमने नहीं दी जाएगी। इसमें आने वाली हर बाधा समयबद्ध ढंग से दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि इनके विस्तार के लिए किसी भी विभाग की जमीन निशुल्क दी जाएगी।

दो लेन के 1500 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में 8,364 किलोमीटर लंबे कुल 48 राष्ट्रीय राजमार्ग थे, जबकि 2024 में इनकी संख्या बढ़कर 93 हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई भी बढ़कर 12,733 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जनसंख्या की दृष्टि से देखा जाए तो यह अभी भी राष्ट्रीय औसत 11.77 किलोमीटर प्रति लाख जनसंख्या से कम है। 

इसे राष्ट्रीय औसत के स्तर पर लाने के लिए 11,500 किलोमीटर और राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने होंगे। प्रदेश में 500 किलोमीटर लंबाई के राष्ट्रीय राजमार्ग दो लेन से कम हैं और 1500 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग केवल दो लेन के हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में आयोजित होने वाले महाकुंभ को देखते हुए प्रयागराज रिंग रोड दिसंबर 2024 तक पूरा करना आवश्यक है। वाराणसी, मथुरा और अयोध्या का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रदेश के मुख्य दर्शनीय स्थल हैं, जिनमें पर्यटकों एवं तीर्थ यात्रियों की संख्या दिनों-दिन बढ़ रही है। उन्होंने वाराणसी रिंग रोड के बचे काम (गंगा ब्रिज) को पूर्ण करने के पश्चात इसे शीघ्र ही यातायात के लिए खोला जाना आवश्यक बताया है। 

अयोध्या बाईपास के सुधारीकरण का अनुरोध

मुख्यमंत्री ने ब्रज चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करना आवश्यक बताया है। उन्होंने अयोध्या बाईपास के सुधारीकरण का भी अनुरोध किया है। कहा कि प्रदेश के 10 नए राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाए। प्रदेश के 18 में से 13 मंडलों में रिंग रोड निर्माण या तो चल रही है या पूरा हो चुका है। 

इसके अलावा, प्रदेश के पांच मंडल अलीगढ़, देवीपाटन, झांसी, मीरजापुर और सहारनपुर में रिंग रोड बनाना भी आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश में सभी राष्ट्रीय राजमार्गों के रख रखाव को उच्च स्तर का रखने पर जोर दिया।

फारेस्ट क्लीयरेंस समय पर कराने का आश्वासन

योगी ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया एवं मुआवजा वितरण को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने फारेस्ट क्लीयरेंस भी समय पर कराने का आश्वासन दिया। 

सिंचाई विभाग या अन्य विभाग के पास उपलब्ध भूमि को फारेस्ट क्लीयरेंस प्रस्तावों के लिए गैर वन भूमि के रूप में उपलब्ध कराने को लेकर भी आश्वस्त किया। राष्ट्रीय राजमार्गों की परियोजनाओं पर उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा लगाए जाने वाले शटडाउन शुल्क को भी प्रदेश सरकार नहीं लेगी।

यह भी पढ़ें: UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों का तबादला, योगी सरकार ने दिया आदेश, लिस्ट जारी

यह भी पढ़ें: सुभासपा ने चुनाव चिह्न बदलकर किया ‘चाबी’, उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर बनाए प्रदेश अध्यक्ष