Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Police Recruitment 2022: यूपी पुलिस में 40 हजार पदों पर भर्तियां दिसंबर 2023 तक करें पूरी, सीएम योगी ने अफसरों को दिए निर्देश

UP Police Recruitment 2022 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस विभाग में सभी 40 हजार भर्तियों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। 100 दिन के अभियान के तहत 10 हजार पुलिस भर्ती के लक्ष्य को तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है।

By Umesh TiwariEdited By: Updated: Wed, 15 Jun 2022 03:38 PM (IST)
Hero Image
UP Police Recruitment 2022: मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय बैठक में दिए 40 हजार भर्तियों को लेकर निर्देश।

UP Police Recruitment 2022: लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग को 40 हजार पदों पर भर्तियां 31 दिसंबर, 2023 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में इसके निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 100 दिन के अभियान के तहत 10 हजार पुलिस भर्ती के लक्ष्य को तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है।

गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि पुलिस विभाग की 40 हजार पदों में रेडियो शाखा के 2,430 पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन जल्द किया जाएगा। 26,382 कांस्टेबल एवं समकक्ष पद, 8540 कांस्टेबल पीएसी के पद, जेल वार्डन के 1582 एवं अन्य पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को मिल चुका है। इसकी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इन सभी पदों पर तैनाती दिसंबर 2023 तक पूरी की जाएगी।

अपर मुख्य सचिव गृह ने कहा कि लिपिकीय संवर्ग के 1329 पदों पर चयन के लिए हुई लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका है। अभिलेखों की जांच एवं शारीरिक मानक परीक्षा की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इस भर्ती में टाइपिंग और शार्टहैंड की परीक्षा बाकी है। इसे करवाने के बाद अगले तीन महीने में तैनाती दी जाएगी।

योगी सरकार के पहले कार्यकाल में पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर 1.53 लाख से अधिक भर्तियां हुईं जिसमें 22 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल रहीं। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 9534 युवाओं को सब इंस्पेक्टर एवं समकक्ष पदों पर चयनित किया गया। इसके अलावा कुल 500 मृतक आश्रितों की भर्ती भी की गई है।