Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस विभाग को दिए निर्देश- त्योहारों में अराजकता फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि त्योहारों में अराजकता फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद होनी चाहिए। अयोध्या में 21 लाख दीपों को जलाकर बनने वाले विश्व रिकार्ड की तैयारियों की भी मुख्यमंत्री ने समीक्षा की।

By Jagran NewsEdited By: Shivam YadavUpdated: Mon, 06 Nov 2023 12:43 AM (IST)
Hero Image
मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस विभाग को दिए निर्देश- त्योहारों में अराजकता फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि त्योहारों में अराजकता फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद होनी चाहिए। 

अयोध्या में 21 लाख दीपों को जलाकर बनने वाले विश्व रिकार्ड की तैयारियों की भी मुख्यमंत्री ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी प्रबंध समय से पहले कर लिए जाएं। साथ ही 23 से 26 नवंबर तक काशी में गंगा महोत्सव और 27 को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली की तैयारियों की जानकारी ली।

अराजक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाए

मुख्यमंत्री ने रविवार को अपने सरकारी आवास पर त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जाए। 

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, देवोत्थान एकादशी, अयोध्या दीपोत्सव, काशी देव दीपावली और छठ महापर्व जैसे विशेष त्योहार हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान मेलों का आयोजन भी इसी अवधि में है। कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत यह समय संवेदनशील है।

21 लाख दीपों से जगमग होगी अवधपुरी 

अयोध्या में दीपोत्सव का कार्यक्रम अपनी भव्यता के लिए आज पूरी दुनिया में पहचान बना रहा है। 2017 से प्रतिवर्ष दीपोत्सव एक नवीन कीर्तिमान बना रहा है। इस वर्ष 21 लाख दीपों से अवधपुरी जगमग होगी। 

इसके लिए दीप, तेल, बाती, स्थान, स्वयंसेवकों आदि की पुख्ता व्यवस्था कर ली जाए। चार देशों और 24 प्रदेशों की रामलीलाओं का मंचन होगा। इस आयोजन पर पूरी दुनिया की दृष्टि है। इसलिए इसकी भव्यता में कोई कमी न हो।

नदी घाटों पर हो भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था

उन्होंने कहा कि 23 से 26 नवंबर तक काशी में गंगा महोत्सव और 27 को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली का आयोजन होगा। उन्होंने इस वर्ष 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने के निर्देश दिए हैं। छठ के अवसर पर नदी घाटों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था व अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। 

कहा है कि संबंधित क्षेत्रों में आपातकालीन हेल्पडेस्क बनाई जाए। छोटी नावें न चलें तो बेहतर होगा। नाविकों का सत्यापन किया जाए। वहीं, 11 नवंबर को हनुमान जयंती पर काशी संकटमोचन और अयोध्या में हनुमानगढ़ी पर साज-सज्जा के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं।

यह भी पढ़ें: UP News: उत्तर प्रदेश में पटाखा कारोबार को लेकर सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश, अधिकारियों को कहा- देरी न हो

यह भी पढ़ें: Yogi Adityanath: राहुल गांधी से आगे निकले सीएम योगी, लोकप्रियता के मामले में इन हस्तियों को पीछे छोड़ा- ताजा रिपोर्ट