Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सीएम योगी ने कहा- अटल जी ने रखी थी आधुनिक भारत की नींव, देश को द‍िया था सुशासन, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण विकास का मॉडल

सीएम योगी ने लोकभवन स्थित अटल ब‍िहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्वतंत्र भारत में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सानिध्य में अटल जी ने अपने सार्वजनिक जीवन का शुभारंभ किया था। अटलजी ने ही आधुनिक भारत की नींव रखी थी। देश को सुशासन इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण विकास का मॉडल भी अटल जी ने दिया था।

By Shobhit Srivastava Edited By: Vinay Saxena Updated: Fri, 16 Aug 2024 02:29 PM (IST)
Hero Image
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।- फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की छठी पुण्यतिथि के मौके पर कहा कि अटल जी ने ही आधुनिक भारत की नींव रखी थी। देश को सुशासन, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण विकास का मॉडल भी अटल जी ने दिया था।

उन्‍होंने कहा क‍ि अटल जी की सरकार में चलाए गए अंत्योदय के कार्यक्रम उनकी दूरदर्शिता को प्रदर्शित करते हैं। तीन बार देश के प्रधानमंत्री बनने के साथ ही उन्होंने भारत की राजनीतिक अस्थिरता को दूर किया था। उनका छह दशक का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह निष्कलंक रहा। योगी ने अटल जी को भारतीय राजनीति का अजातशत्रु बताते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में उनकी पहचान एक सर्वमान्य चेहरे के रूप में थी।

लोकभवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्वतंत्र भारत में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सानिध्य में अटल जी ने अपने सार्वजनिक जीवन का शुभारंभ किया था। 1957 में वह बलरामपुर (वर्तमान में श्रावस्ती) से पहली बार सांसद चुने गए थे। अटल जी को 10 बार लोकसभा एवं दो बार राज्यसभा में जाने का अवसर प्राप्त हुआ था, जिसमें उन्होंने पांच बार लखनऊ संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अटल जी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृतियां, उनकी कविताएं और भारतीय राजनीति के उनके मूल्य एवं सिद्धांत सदैव हमें एक नई प्रेरणा प्रदान करते हैं। भारत को एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए अटल जी द्वारा किए गए प्रयासों को देश कभी विस्मृत नहीं कर सकता है।

अटल जी के प्रयासों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए कृतज्ञ राष्ट्र ने उन्हें भारत रत्न की उपाधि से भी सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य डा. दिनेश शर्मा, पूर्व जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह आदि कई नेता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: CM Yogi ने बनाया नया रिकॉर्ड- आठवीं बार ध्वजारोहण करने वाले पहले मुख्यमंत्री बने, तीसरे नंबर पर मुलायम सिंह यादव