Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'बैकफुट पर जाने की जरूरत नहीं...', CM योगी ने अयोध्या और कन्नौज कांड से जोड़ा सपा का नाता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के सदस्यता अभियान से जुड़ी कार्यशाला में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमें बैकफुट पर जाने की आवश्यकता नहीं है विपक्ष के कारनामों की पोल खोलिए। उन्होंने अयोध्या और कन्नौज कांड से सपा का नाता जोड़ते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं बताती हैं कि प्रदेश में साजिश हो रही है। योगी ने कांग्रेस और सपा पर भी जमकर हमला बोला।

By Jagran News Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Tue, 20 Aug 2024 08:38 PM (IST)
Hero Image
अयोध्या-कन्नौज का दुष्कर्म कांड हो या लखनऊ में गोमतीनगर का बारिश कांड, यही सपा का 'नवाब ब्रांड'- CM योगी

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को भाजपा के सदस्यता अभियान से जुड़ी कार्यशाला में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमें बैकफुट पर जाने की आवश्यकता नहीं है, विपक्ष के कारनामों की पोल खोलिए।

उन्होंने कहा कि अयोध्या व कन्नौज का दुष्कर्म कांड हो या लखनऊ में गोमतीनगर का बारिश कांड, यही सपा का 'नवाब ब्रांड' है। ऐसी घटनाएं बताती हैं कि प्रदेश में साजिश हो रही है। इसे समझने की आवश्यकता है। कोलकाता की अराजकता पर चिकित्सक व आधी आबादी आंदोलित है, लेकिन सपा मुखिया दुष्कर्मियों व कोलकाता सरकार का बचाव कर रहे हैं। उनका बयान ही उनकी पार्टी का असली चेहरा है। बहुसंख्यक समाज के विपरीत कथित धर्मनिरपेक्षता की राजनीति करने वाले दलों के स्वर भारत की मूल विचारधारा पर होने वाले हमले में नहीं निकलते हैं।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री कांग्रेस और सपा पर हमलावर रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा पर संविधान बदलने, आरक्षण समाप्त करने का आरोप लगाने वालों को जवाब दीजिए। सपा कांग्रेस का पिछलग्गू बनकर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस अभियान को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाइए। हर घर तक जाइए और परिवार के हर सदस्य से संवाद बनाइए। उनसे कहिए कि विधानसभा उपचुनाव में विपक्षी दलों के नेताओं से पूछें कि आखिर एक-एक लाख रुपये के बांड भरवाए गए थे। वह कहां हैं। इंटरनेट मीडिया से लेकर आमजन के बीच कांग्रेस व सपा के झूठ का राजफाश कीजिए।

योगी ने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता का दृश्य श्रीलंका व बांग्लादेश में दिखा। भारतीय राजनीति में लोकसभा चुनाव के छह माह पहले से इसकी सुगबुगाहट देखने को मिल रही थी। इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही थी। यह भाजपा व हमारी विचारधारा को रोकने के षड्यंत्रों की ओर इशारा करती है। यदि देश में सक्षम नेतृत्व न होता तो वे लोग अस्थिरता पैदा करने में सफल हो गए होते। देश में राजनीतिक स्थिरता के लिए भाजपा आवश्यक है। भाजपा वर्ष 2014 में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना। यदि भाजपा न होती तो वर्ष 2024 में जिस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के षड्यंत्र हुए थे, वे सफल होकर भारत को लंबे समय तक अस्थिरता के दौर में ढकेलने का कार्य करते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति भाजपा से जुड़ना चाहता है। इसके लिए कार्यकर्ता गांवों में अलग-अलग तबकों के बीच जाएं और लेखक, साहित्यकार, समाज सुधारक, किसान, युवा, सेवानिवृत्त सैनिक समेत हर वर्ग को जोड़ें, सूची बनाएं। मलिन व दलित बस्तियों में जाकर पहले उनकी सुनिए, फिर अपनी कहिए। आधी आबादी भाजपा से जुड़ना चाहती है।

पहली से चलेगा अभियान

प्रत्येक बूथ पर बनाने हैं 200 सदस्य मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली से 25 सितंबर तक पहले चरण का सदस्यता अभियान चलेगा। दूसरा चरण एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा और 15 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता का अभियान चलेगा। सक्रिय सदस्य के लिए आवश्यक होगा कि उसने 100 सदस्य बनाए हों। उन्होंने अपील की कि एक मोबाइल फोन से एक ही सदस्य बनाएं। हर बूथ पर 200 सदस्य बनाना है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर