Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

CM Yogi: सीएम योगी ने बताई यूपी की नई फुल फॉर्म, कहा- सात वर्ष पहले उत्तर प्रदेश था बीमारू राज्य

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी की फुल फॉर्म अनलिमिटेड पोटेंशियल बताई है। उन्होंने कहा कि सात वर्ष पहले उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य और देश के विकास में बाधक माना जाता था। आज यूपी बीमारू राज्य के धब्बे से मुक्त होकर अनलिमिटेड पोटेंशियल के रूप में स्थापित हुआ है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को जनवरी 2025 में प्रयागराज महाकुंभ के लिए आमंत्रित किया है।

By Shobhit Srivastava Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sat, 27 Jul 2024 08:42 PM (IST)
Hero Image
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की नौवीं बैठक में प्रदेश की उपलब्धियां सामने रखीं। कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर, समृद्ध, सक्षम, समर्थ, समावेशी और तकनीकी रूप से उन्नत भारत के विजन को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री के इस विजन को साकार करना ही हमारा मिशन है। उत्तर प्रदेश भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। सात वर्ष पहले यह प्रदेश बीमारू राज्य और देश के विकास में बाधक माना जाता था। आज यूपी बीमारू राज्य के धब्बे से मुक्त होकर ''अनलिमिटेड पोटेंशियल'' के रूप में स्थापित हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी कानून-व्यवस्था, ईज आफ डुइंग बिजनेस, निवेश अनुकूल नीतियां तथा सुशासन के परिणामस्वरूप प्रदेश आज देश में निवेश के लिए पसंदीदा स्थान बन गया है। उन्होंने एमएसएमई, महिला सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, पीएम गति शक्ति, स्वास्थ्य एवं पोषण पर प्रदेश उपलब्धियां गिनाईं।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के देश को पांच ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प में योगदान देने के लिए राज्य की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डालर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी विभागों को 10 सेक्टर में बांटकर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन की पहली शर्त है कानून का राज। सुशासन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में प्रदेश की कानून-व्यवस्था ने बड़ी भूमिका निभाई है। आज उत्तर प्रदेश में कानून का शासन है। इससे देश-विदेश में प्रदेश की अवधारणा बदली है। अपराध के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाई गई। प्रदेश सरकार की सही नीति, साफ नीयत और सफल क्रियान्वयन की पुष्टि एनसीआरबी के आंकड़े भी करते हैं।

वर्तमान में प्रदेश में कोई ऐसा संगठित अपराधी नहीं है, जो जेल के बाहर स्वच्छंद विचरण कर रहा हो। प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस बल का निरंतर आधुनिकीकरण, नई तकनीक व नये उपकरणों से किया जा रहा है। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रत्येक जिले में साइबर क्राइम थाना स्थापित किया गया है। प्रत्येक थाने पर साइबर हेल्प डेस्क क्रियाशील की गई है।

योगी ने कहा कि प्रदेश में 56 लाख से अधिक गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराया गया है। स्वच्छ भारत मिशन, मिशन शक्ति, स्कूल चलो अभियान, आपरेशन कायाकल्प, वृहद पौधारोपण जन अभियान, मातृभूमि योजना आदि जनसहयोग से चल रही हैं।

आकांक्षात्मक जनपद योजना से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार ने आकांक्षात्मक विकास खंड योजना तथा आकांक्षी नगर निकाय योजना लागू की हैं। आकांक्षात्मक विकास खंडों में ‘मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम’ में चयनित युवा सीएम फेलो के रूप में कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय जीडीपी में 9.2 प्रतिशत योगदान के साथ प्रदेश, देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।

प्रधानमंत्री को महाकुंभ 2025 में किया आमंत्रित

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जनवरी, 2025 में प्रयागराज महाकुंभ के लिए आमंत्रित किया है। कहा कि 12 वर्ष के अंतराल पर यह पावन अवसर आता है। राज्य सरकार महाकुंभ के स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। सभी तैयारियां पूर्ण होने की ओर हैं।

ये भी पढ़ें - 

UP IPS Transfer: यूपी में दो आइपीएस अधिकारियों का तबादला, सुरेन्द्र नाथ तिवारी बने गाजियाबाद DCP

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर