Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

लखनऊ से आनंद विहार जाने वाली एसी डबल डेकर ट्रेन की रफ्तार पड़ गई धीमी, तीन साल बाद हुआ था संचालन

तीन साल बाद शुरू हुई एसी डबल डेकर ट्रेन की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मालगाड़ी के चक्कर में एसी डबल डेकर ट्रेन बहुत लेट हो रही है। इस वजह से इसके यात्री भी काफी हद तक कम हो गए हैं।

By Vrinda SrivastavaEdited By: Updated: Sat, 04 Jun 2022 04:36 PM (IST)
Hero Image
तीन साल बाद शुरू हुई एसी डबल डेकर ट्रेन की रफ्तार धीमी पड़ गई।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। करीब तीन साल के इंतजार के बाद शुरू हुई यूपी की पहली एसी डबल डेकर ट्रेन मालगाड़ियों के आगे अपना रास्ता नहीं बना पा रही है। यह ट्रेन लखनऊ से आनंद विहार तक की दूरी 12 से 14 घंटे में तय कर रही है। इसका असर वापसी की डबल डेकर ट्रेन पर भी पड़ रहा है। यह ट्रेन रात दो से तीन बजे तक लखनऊ पहुंच रही है।

एसी डबल डेकर ट्रेन का संचालन सप्ताह में चार दिन मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को लखनऊ जंक्शन से आनंद विहार के बीच होता है। इस ट्रेन का लखनऊ जंक्शन से छूटने का समय सुबह 4:55 बजे का है। जबकि आनंद विहार पहुंचने का समय दोपहर 12:55 बजे का है। बीती 31 मई को एसी डबल डेकर ट्रेन लखनऊ जंक्शन से रवाना होने के बाद बरेली तक मालगाड़ियों के कारण कई जगह रोकी गई।

यह ट्रेन आनंद विहार दोपहर 12:55 बजे की जगह शाम 4:34 बजे पहुंच सकी। इसी तरह दो जून को एसी डबल डेकर ट्रेन दो घंटे की देरी से आनंद विहार पहुंच सकी। आनंद विहार देर से पहुंचने वाली एसी डबल डेकर ट्रेन की वापसी पर भी असर पड़ रहा है। आनंद विहार से इस ट्रेन के रवाना होने का समय दोपहर 2:05 बजे का है। जबकि लखनऊ जंक्शन आने का समय रात 10:30 बजे का है। शुक्रवार को आनंद विहार से रवाना हुई डबल डेकर लखनऊ जंक्शन रात 1:10 बजे पहुंची।

वहीं दो जून को एसी डबल डेकर ट्रेन रात 1:59 बजे आ सकी। जबकि 31 मई को एसी डबल डेकर के यात्रियों को चेयरकार की सीट पर बैठकर अधिक परेशान होना पड़ा। बिना रसोई यान वाली यह ट्रेन 31 मई की शाम रवाना हुई तो लखनऊ जंक्शन एक जून की सुबह 3:26 बजे पहुंच सकी। अधिक लेट लतीफी का शिकार होने के कारण इस ट्रेन में यात्री टिकट कम बुक करा रहे हैं। जिस कारण सोमवार से बड़ी संख्या में सीटें खाली पड़ी हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें