Move to Jagran APP

डॉ. शंभुनाथ को मिलेगा डॉ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान, ऑनलाइन होगा समारोह

डॉ. शंभुनाथ को मिलेगा डॉ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान एक सितंबर को डॉ. राही मासूम रजा की जयंती पर ऑनलाइन आयोजित होगा सम्मान समारोह।

By Anurag GuptaEdited By: Updated: Sat, 22 Aug 2020 05:54 PM (IST)
Hero Image
डॉ. शंभुनाथ को मिलेगा डॉ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान, ऑनलाइन होगा समारोह
लखनऊ, जेएनएन। कोलकाता के साहित्यकार डॉ. शंभुनाथ को डाॅ. राही मासूम रजा साहित्य सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। 1979 से 2014 तक कोलकाता विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डॉ. शंभुनाथ 2006 से 2008 के बीच केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के निदेशक भी रहे। इस दौरान देश-विदेश में हिंदी के लिए विपुल कार्य किए। वर्तमान में डॉ. शंभुनाथ भारतीय भाषा परिषद, कोलकाता के निदेशक तथा वागर्थ पत्रिका के संपादक हैं। एक सितंबर को डॉ. राही मासूम रजा जयंती के अवसर पर ऑनलाइन सम्मान समारोह का आयोजन होगा।

डॉ. राही मासूम रजा साहित्य अकादमी के संस्थापक राम किशोर कहते हैं, राही जी के विचारों द्वारा समाज में सौहार्द, भाईचारा और अमन स्थापित किया जा सकता है। इसी सोच के साथ हर साल उनकी जयंती पर सम्मान समारोह की शुरुआत की। इस बार कार्यक्रम ऑनलाइन हो रहा, इसलिए सम्मान पत्र पढ़ा जाएगा। परिस्थितियां सामान्य होने पर साहित्यकार को व्यक्तिगत रूप से सम्मान पत्र, मोमेंटो और शॉल भेंट किया जाएगा।

रचनाएं एवं सम्मान

डॉ. शंभुनाथ का जन्म 21 मई 1948 को झारखंड के देवघर में हुआ। उनकी प्रमुख कृतियां संस्कृति की उत्तरकथा, धर्म का दुखांत, दुस्समय में साहित्य, हिंदी नवजागरण और संस्कृति, सभ्यता से संवाद, रामविलास शर्मा, भारतीय अस्मिता और हिंदी, कवि की नई दुनिया, राष्ट्रीय पुनर्जागरण और राम विलास शर्मा, उपनिवेशवाद और हिंदी आलोचना, प्रेमचंद का हिन्दुस्तानःसाम्राज्य से राष्ट्र, हिंदी उपन्यासःराष्ट्र और हाशिया, हिन्दू मिथकःआधुनिक मन ,भारत की अवधारणा आदि हैं। इनके द्वारा संपादित कृतियों की लंबी सूची है। आचार्य रामचंद्र शुक्ल शोध संस्थान द्वारा ‘देवीशंकर अवस्थी पुरस्कार’, उप्र हिंदी संस्थान द्वारा ‘रामचंद्र शुक्ल पुरस्कार’ समेत कई अन्य पुरस्कार एवं सम्मान मिल चुके हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।