Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

यूपी में किसानों की आय में होगा इज़ाफा, हर जिले में विकसित किए जाएंगे इको-टूरिज्म स्थल

उत्तर प्रदेश के हर जिले में कम से कम एक इको-टूरिज्म स्थल विकसित किया जाएगा। वन विभाग ने जनसहभागिता से इन स्थलों को विकसित करने की योजना बनाई है। कृषि वानिकी को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा । गोरखपुर में वानिकी विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी है। लखनऊ में आधुनिक नाइट सफारी भी बनेगी ।

By Manoj Kumar Tripathi Edited By: Aysha Sheikh Updated: Tue, 01 Oct 2024 06:26 PM (IST)
Hero Image
यूपी में किसानों की आय में होगा इज़ाफा - प्रतीकात्मक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के हर जिले में कम से कम एक-एक ईको पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने जनसहभागिता के जरिए ईको पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना तैयार की है। साथ ही प्रदेश में कृषि वन को बढ़ावा देने के लिए ज्यादा से ज्यादा किसानों को जागरूक किया जाएगा, जिससे उनकी आय में भी बढ़ोत्तरी होगी।

मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा.अरुण कुमार सक्सेना ने वानिकी नववर्ष का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा वन विभाग नई परियोजनाओं पर पहली अक्टूबर से काम शुरू करता है। इसलिए उत्तर प्रदेश में पहली बार पिछले वर्ष से वानिकी नववर्ष की परंपरा शुरू की गई थी।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने व पर्यावरण संरक्षण के लिए कृषि वनों को बढ़ाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत किसान खेतों के किनारे पौधे लगाकर कमाई कर रहे हैं। इस योजना को लेकर जल्द ही सर्वेक्षण शुरू करवाया जाएगा।

गोरखपुर में वानिकी विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में जल्द ही वानिकी विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी की जा रही है। एक दिन में 36.50 पौधे लगाकर उत्तर प्रदेश ने रिकार्ड बनाया है। अब जरूरत है इन पौधों को बचाने की। उन्होंने कहा कि पहली बार पौधे लगाने के साथ-साथ पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ अभियान शुरू किया गया है।

वन राज्य मंत्री ने कहा कि पहली अक्टूबर से 15 जनवरी तक अभियान चलाकर वन विभाग पौधों का संरक्षण करेगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ के कुकरैल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नाइट सफारी बनाने का कार्य भी इसी वर्ष शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ अभियान की वर्ष 2025 की मिशन टीम की भी घोषणा की।

साथ ही अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। वन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह ने कहा कि मानव व वन्य जीवों में संघर्ष को रोकने के लिए 11 जिलों में वन क्षेत्रों के पास बाड़ लगाई जाएगी। कार्यक्रम में प्रधान वन संरक्षक सुधीर कुमार शर्मा ने विभाग की उपलब्धियां भी गिनाई। साथ ही उत्तर प्रदेश कैंपा नामक वेब साइट का शुभारंभ किया गया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें