Move to Jagran APP

राजधानी एक्सप्रेस में महिला सहयात्री से छेडख़ानी, बिहार के चौधरी पकड़े गए

भारतीय रेल अपने यात्रियों के साथ हो रही छेड़खानी पर भले रोक न लगा पाई हो लेकिन इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल इन दिनों कई बार काफी बेहतर हुआ है।

By Nawal MishraEdited By: Updated: Thu, 05 Jul 2018 11:29 AM (IST)
राजधानी एक्सप्रेस में महिला सहयात्री से छेडख़ानी, बिहार के चौधरी पकड़े गए
राजधानी एक्सप्रेस में महिला सहयात्री से छेडख़ानी, बिहार के चौधरी पकड़े गए

लखनऊ (जेएनएन)। भारतीय रेल अपने यात्रियों के साथ हो रही छेड़खानी पर भले रोक न लगा पाई हो लेकिन इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल इन दिनों कई बार काफी बेहतर हुआ है। बुधवार को इस ब्रेक ने बड़ा हादसा टाल दिया। इससे इतर छेड़खानी तो इस हद तक बढ़ गई है कि राजधानी एक्सप्रेस तक में महिलाओं के लिए यात्रा सुरक्षित नहीं रह गई है। 

सूझबूझ से ट्रेन हादसा होने से बचा

हापुड़ से दिल्ली जा रही शटल बुधवार को महरौली स्टेशन के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने से बच गई। लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगाकर रेलगाड़ी को रोक लिया। रक्सौल से आनंद विहार जा रही सद्भावना एक्सप्रेस को थोड़ी देर के लिए डासना स्टेशन पर रोकना पड़ा। बुलंदशहर से तिलक ब्रिज तक जाने वाली शटल हापुड़ से दिल्ली जा रही थी। महरौली स्टेशन से आगे रेलमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी देख लोको पायलट ने आपात ब्रेक लगाकर रेलगाड़ी रोक दी और कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। रेलवे की टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। इस कारण आधे घंटे तक शटल रुकी रही। मंडल रेल प्रबंधक एके सिंघल ने बताया कि रेलमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई थी। रेलगाड़ी चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर हादसा टाल दिया। आरपीएफ मामले की जांच कर रही है।

राजधानी एक्सप्रेस में छेडख़ानी

पटना-राजधानी एक्सप्रेस में मंगलवार की रात एक महिला यात्री के साथ सहयात्री ने छेडख़ानी कर दी। महिला की शिकायत पर कानपुर आरपीएफ एस्कार्ट के जवानों ने आरोपित यात्री को हिरासत में ले लिया। देर रात करीब दो बजे ट्रेन मुगलसराय जंक्शन पर पहुंची तो आरपीएफ के जवानों ने आरोपित को जीआरपी के हवाले कर दिया।नई दिल्ली से पटना जा रही डाउन राजधानी एक्सप्रेस के बी-3 कोच में पटना निवासी एक महिला यात्रा कर रही थी। महिला का आरोप है कि ट्रेन के इलाहाबाद से रवाना होते ही 34 नंबर बर्थ पर सवार बिहार के सहरसा का निवासी प्रकाश चौधरी उनसे छेडख़ानी करने लगा। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे एस्कार्ट जवानों ने आरोपित यात्री को हिरासत में ले लिया। जीआरपी ने महिला की तहरीर पर आरोपित यात्री को गिरफ्तार कर लिया।

सीतापुर पैसेंजर ट्रेन रद रही

सीतापुर ब्रांच लाइन पर नेरी रेलवे स्टेशन के पास पटरी व स्लीपर बदलने को दिन में ग्यारह बजे से पांच बजे तक ब्लाक लिया गया था। इस कारण सीतापुर से आने वाली पैसेंजर ट्रेन को रद कर दिया गया। इसके अलावा जननायक एक्सप्रेस, मालगाड़ी आदि ट्रेनों को सीतापुर-बालामऊ होकर मुख्य लाइन से निकाला गया। 

एसी एक्सप्रेस में चूहों का उत्पात

एसी एक्सप्रेस में चूहों ने यात्रियों की नींद हराम कर दी। रास्ते भर उछलकूद करते रहे। यात्री सामान के नुकसान होने के डर से रात भर जागकर चूहे भगाते रहे। एक यात्री ने इसकी शिकायत रेल मंत्री से उनके ट्विटर पर की। ट्रेन नंबर 12429 लखनऊ-नई दिल्ली एक्सप्रेस तीन जून को रवाना हुई थी। इस ट्रेन की एसी थर्ड बोगी बी-5 की सीट नंबर 27 और 29 पर यात्रा कर रहे यात्रियों ने देखा कि चूहे उनकी सीट के नीचे घूम रहे हैं। वह एक कोने से दूसरे कोने तक चक्कर लगाते रहे। इस बीच कई यात्री भी चूहों के कारण सीट के नीचे रखे अपने सामान के नुकसान पहुंचने की आशंका के कारण परेशान होते रहे। यात्री रात भर नहीं सो सके। इसके बाद रेल मंत्री के ट्विटर पर इसकी शिकायत की गई। रेलवे ने पेस्ट कंट्रोल का ठेका निजी संस्थाओं को दिया है। पेस्ट कंट्रोल में अनियमितता के कारण ही चूहे एसी बोगियों में यात्रियों के सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं।