Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

घोसी उपचुनाव : भाजपा ने दारा सिंह पर खेला दांव; चुनाव जीतकर लोकसभा 2024 से पहले बड़ा संदेश देना चाहेगी पार्टी

भाजपा ने सपा में सेंधमारी करते हुए जौनपुर की शाहगंज व मछलीशहर सीटों से कुल चार बार सपा विधायक रहे पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर जौनपुर की मुंगरा बादशाहपुर सीट की पूर्व विधायक सुषमा पटेल केराकत सीट के पूर्व सपा विधायक गुलाब सरोज और वाराणसी लोक सभा सीट पर 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सपा प्रत्याशी रहीं शालिनी यादव को अपने खेेमे में शामिल किया था।

By Rajeev DixitEdited By: Mohammed AmmarUpdated: Mon, 14 Aug 2023 10:17 PM (IST)
Hero Image
UP Politics : घोसी उपचुनाव भाजपा ने दारा सिंह पर खेला दांव

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : भाजपा ने पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को मऊ की घोसी विधान सभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने की सिफारिश की थी, जिस पर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मुहर लगा दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने सोमवार को इस बारे में पत्र जारी कर दिया है। घोसी सीट जीतने से योगी सरकार की सेहत पर फर्क भले न पड़ता हो लेकिन पूर्वांचल में भाजपा जिस तरह की व्यूह रचना कर रही है, उससे इस उपचुनाव में जीत दर्ज कर वह आगामी लोक सभा चुनाव के लिए बड़ा संदेश देना चाहेगी।

योगी सरकार के पहले कार्यकाल में वन मंत्री रहे दारा सिंह चौहान पिछले वर्ष विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ सपा में शामिल हो गए थे। सपा ने उन्हें घोसी सीट से प्रत्याशी बनाया था। दारा घोसी सीट पर चुनाव जीतकर विधायक चुने गए थे।

हालांकि सपा में अपनी उपेक्षा से क्षुब्ध होकर उन्होंने बीते दिनों फिर भाजपा में वापसी की थी। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने विधान सभा सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। अपने त्यागपत्र से रिक्त हुई घोसी सीट पर होने वाले उपचुनाव में वह फिर ताल ठोकेंगे। घोसी उपचुनाव में दारा सिंह चौहान का मुकाबला सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह से होगा।

अगले वर्ष होने वाल लोक सभा चुनाव को देखते हुए भाजपा पूर्वांचल में अपना सामाजिक आधार बढ़ाने में जुटी है। इसी कड़ी में बीते दिनों सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की राजग में वापसी हुई थी।

इसके कुछ दिनों बाद ही भाजपा ने सपा में सेंधमारी करते हुए जौनपुर की शाहगंज व मछलीशहर सीटों से कुल चार बार सपा विधायक रहे पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, जौनपुर की मुंगरा बादशाहपुर सीट की पूर्व विधायक सुषमा पटेल, केराकत सीट के पूर्व सपा विधायक गुलाब सरोज और वाराणसी लोक सभा सीट पर 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सपा प्रत्याशी रहीं शालिनी यादव को अपने खेमे में शामिल किया था।

मऊ जिले में बाहुबली मुख्तार अंसारी का भी प्रभाव है। लिहाजा घोसी सीट को जीतकर भाजपा लोक सभा चुनाव के लिए अति पिछड़ों, पिछड़ों और दलितों को लामबंद करने की अपनी मुहिम का सफल परीक्षण भी करना चाहेगी।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर