Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Weather Today: नौतपा में सूर्यदेव की तपिश से लोगों का हाल बेहाल, गर्मी के एवरेस्ट पर प्रयागराज; जानिए यूपी के मौसम का हाल

UP Weather Today Update मई का महीना खत्‍म होने वाला और जून शुरू होने वाला है। ऐसे में गर्मी का पारा रिकॉर्ड ऊपर जा रहा है। नतीजा लोग गर्मी बेहाल दिख रहे हैं। हालांकि आज कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के कई हिस्सों में अलग-अलग तापमान दर्ज किए जा रहे हैं। इस गर्मी ने लोगों को बहुत परेशान किया है।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 30 May 2024 07:36 AM (IST)
Hero Image
लोग खुद को और गाड़ी को गर्मी से बचाने के लिए पेड़ खोज रहे हैं। यह नजारा कानपुर का है।

 डिजिटल डेस्‍क, जागरण लखनऊ। UP Weather Today जून के आने से पहले गर्मी ने अपने तेवर दिखाकर लोगों की हालत खराब कर दी है। जैसे-जैसे जून का महीना नजदीक आ रहा है, यूपी का तापमान भी ऊपर चढ़ने लगा। नतीजा गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया। चढ़ते पारे के सहारे गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। आइए जानते हैं कि आज कैसा रहेगा मौसम....

आगरा: आसमान से बरसी आग, आंधी से मिली राहत

आगरा में ज्येष्ठ मास के नौतपा में तप रहे जिले में सूरज ने बुधवार को भी जमकर आग बरसाई। दिन और रात तपने से शहरवासी परेशान रहे। न घर और न बाहर चैन मिला। पशु-पक्षी भी व्याकुल रहे। दिन का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य तापमान से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

रात का तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य तापमान से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। शाम को आंधी आने और बादल छाने से शहरवासियों को कुछ राहत मिली। 62 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।

30 वर्षों का रिकार्ड टूट गया था। रात भी करवटें बदलते हुई कटी थी। बुधवार को सुबह से सूरज ने आंखें तरेरी। सुबह 10 बजे ही धूप असहनीय हो उठी थी। दोपहर एक से तीन बजे के मध्य सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। जरूरी काम होने पर ही लोग घर से बाहर निकले। धूप में बाहर निकलने पर त्वचा झुलस उठी।

लू के थपेड़ों ने झुलसाकर रख दिया। दोपहर तीन बजे के बाद मौसम में बदलाव आना शुरू हुआ। बादल घिर आए। दोपहर 3:45 बजे धूल भरी आंधी आई। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो उठा। धूल के गुबार से सड़क पर दोपहिया वाहनचालकों को मुश्किल उठानी पड़ी। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं व टहनियां टूट गईं। होर्डिंग और बैनर फट गए।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए गुरुवार व शुक्रवार को आगरा में लू चलने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार-पांच दिनों में प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से आने वाली आर्द्र पुरवा हवाओं की सक्रियता बढ़ने से बादलों की आवाजाही होगी। इससे कहीं-कहीं वर्षा की संभावना के साथ तापमान में गिरावट देखने को मिलेगा।

इसे भी पढ़ें-महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के तीसरी मंजिल से मरीज ने लगाई छलांग, मौत

बरेली में कल रात से मिलेगी राहत, एक जून को बूंदाबांदी

बरेली में भीषण गर्मी का प्रकोप अभी बंद नहीं हो रहा है। बुधवार को भी जिले का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था। यह तापमान मंगलवार की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

मौसम विभाग के अनुसार, अभी 30 मई तक कोई राहत मिलने की संभावना नहीं हैं। हालांकि, 31 मई की रात से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। एक जून को हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि, 30 मई से बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वा हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज होने की पूरी संभावना हैं।

कुछ क्षेत्रों में 30 मई तो बरेली समेत कुछ क्षेत्रों में एक जून को हल्की बूंदाबांदी होने के पूरे आसार बन रहे हैं। जिससे ठंडी हवा चलेगी और लोगों को भीषण लू से निजात मिलने की संभावना हैं।

गोरखपुर में 44 डिग्री पहुंचा पारा

गोरखपुर में इस मई की गर्मी नए-नए रिकार्ड बना रही है। अभी दो दिन पहले न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का 39 साल का रिकार्ड टूटा था कि बुधवार को अधिकतम तापमान ने बीते 19 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। बुधवार का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो औसत से 6.4 डिग्री सेल्सियस तो अधिक है ही, बीते 19 साल का सर्वाधिक तापमान भी है।

इससे पहले इससे अधिक अधिकतम तापमान 2005 की 21 मई को रिकार्ड हुआ था, वह भी ज्यादा नहीं मात्र दशमलव एक डिग्री अधिक यानी 44.1 डिग्री सेल्सियस। यह अधिकतम तापमान मौसम विभाग के मानक पर गर्म दिन और उष्ण लहर भी घोषित हुआ। भीषण गर्मी के चलते लोगों का जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा।

इसे भी पढ़ें-महराजगंज में बोले गृहमंत्री अमित शाह, 'पाक अधिकृत कश्मीर लेकर रहेंगे'

कानपुर में 36 साल बाद 47 के करीब पहुंचा पारा

कानपुर : नौतपा में सूर्यदेव की तपिश बढ़ती ही जा रही है। बुधवार को अधिकतम 46.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 6.1 ज्यादा है। रात का तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले 28 मई को अधिकतम 45.2 जबकि न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस था। 36 साल बाद 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पारा पहुंचने से गर्मी ने शहरवासियों को बेहाल किया। वहीं, शाम ढलते ही धूल भरी तेज आंधी चली और रात तक गरम हवा के थपेड़े परेशान करते रहे। इससे पूर्व 1988 के मई माह में 47 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा था।

दिन में आग बरसाती तेज धूप के साथ गर्मी का प्रकोप

मेरठ में नौतपा में गर्मी का प्रकोप जारी है। बुधवार को दिन में चुभने वाली तेज धूप रही। तपते सूरज को देखकर मानों जैसे आसमान से आग बरसी। लेकिन शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में बादल छा गए। शाम के समय बादलों के साथ तेज हवा ने कुछ देर के लिए राहत दी।

बुधवार को मौसम का अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से .6 डिग्री अधिक 25 डिग्री सेल्सियम दर्ज किया गया। मंगलवार को मई में सर्वाधिक तापमान 44 डिग्री पहुंच गया था। लेकिन एक दिन बाद ही यह दो डिग्री नीचे आ गया।

गर्मी के एवरेस्ट पर प्रयागराज, 48.8 डिग्री के साथ बना नया रिकार्ड

प्रयागराज में प्रचंड गर्मी से त्राहि-त्राहि कर रहे प्रयागराज का पारा सर्वकालिक उच्चतम शिखर पर पहुंच गया। बुधवार को आसमान से अंगारे बरसे और अधिकतम तापमान के 48.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ गर्मी के पिछले सभी रिकार्ड ध्वस्त हो गए।बुधवार का दिन 149 वर्षों में सबसे गर्म रहा। इससे पहले सर्वकालिक उच्चतम तापमान 30 मई 2019 के नाम था, जब संगम नगरी का पारा 48.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।

बनारस को 47.4 डिग्री का ''टार्चर''

वाराणसी में नौतपा के बीच आसमानी अंगारे जिंदगी पर कहर बरपा रहे हैं। बुधवार को भी बनारस ने 47.4 डिग्री का टार्चर झेला। अधिकतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। गर्म हवा के थपेड़े लोगों को तड़पा गए।

सूरज की तल्खी से लोग झुलसते दिखे। गंगा के किनारे घाट और सड़कों पर जरूरत पड़ने पर ही लोग बाहर निकले। एसी-कूलर बेअससर सिद्ध हुए। मंगलवार को 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया था, लेकिन एक दिन बाद अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की कमी आई है। यह निश्चित रूप से राहत भरी बात है लेकिन गुरुवार को भी मौसम का हाल कुछ यही रहने वाला है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें