Move to Jagran APP

Lucknow BJP President: लखनऊ में भाजपा ने आनंद द्विवेदी को बनाया महानगर अध्यक्ष, विनय बने जिलाध्यक्ष

लखनऊ में भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बड़े फेरबदल करते हुए ब्राह्मण और क्षत्रिय चेहरों को सामने किया है। भाजपा का ब्राह्मण और क्षत्रिय कार्ड क‍ितना कारगर साब‍ित होता है ये तो चुनाव पर‍िणाम आने के बाद ही पता चलेगा। फ‍िलहाल भाजपा ने जिला उपाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह को अध्यक्ष बनाकर कई बड़े नेताओं के दावे को फेल कर दिया है।

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj MishraUpdated: Fri, 15 Sep 2023 01:50 PM (IST)
Hero Image
Lucknow BJP President: भाजपा महानगर लखनऊ अध्यक्ष आनंद द्विवेदी

लखनऊ, जागरण संवाददाता। भाजपा ने लखनऊ महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी आनंद द्विवेदी को दी है, जबकि जिलाध्यक्ष पद पर विनय प्रताप सिंह को लाया गया है। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए ब्राह्मण और क्षत्रिय चेहरों को सामने किया है।

आनंद द्विवेदी अभी तक महानगर संगठन में उपाध्यक्ष थे, मौजूदा समय मुकेश शर्मा अध्यक्ष थे, जिनका दो कार्यकाल पूरा हो चुका है। तीन साल का एक कार्यकाल होता है लेकिन मुकेश शर्मा सात साल सात माह तक अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाते रहे और संगठन ने उन्हें विधान परिषद में भेजकर इनाम भी दिया था।

महानगर अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारों की लंबी सूची थी। इसमे आनंद द्विवेदी के अलावा अशोक तिवारी, अनुराग मिश्र अन्नू और सुशील मिश्र ब्राह्मण चेहरों में थे। प्रबल दावेदारों में आनंद द्विवेदी के अलावा साढ़े सात साल से महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे पुष्कर शुक्ला का नाम था लेकिन रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के खेमे में होने के कारण आनंद द्विवेदी को महानगर अध्यक्ष की कुर्सी मिली।

भाजपा ने मुकेश शर्मा के बाद फिर से ब्राह्मण चेहरे को सामने किया है। जिलाध्यक्ष की दौड़ में वर्तमान अध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी फिर से दौड़ में थे, जबकि बक्शी का तालाब निवासी शिवदर्शन यादव के अलावा जिला उपाध्यक्ष मनोज प्रजापति के साथ ही जिला मंत्री धर्मेंद्र सिंह के साथ-साथ सदाशिव मिश्र और संजय सिंह भी थे। बक्शी का तालाब में भाजपा के चुनाव प्रभारी रहे और वर्तमान में जिला उपाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह को अध्यक्ष बनाकर कई बड़े नेताओं के दावे को फेल कर दिया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।