Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

International Yoga Day 2022: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- योग प्रतिरोधात्मक क्षमता बढ़ाने के साथ व्यक्ति को बनाता है अनुशासित

8th International Yoga Day In UP मुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्ष बाद सामूहिक योग अभ्यास का कार्यक्रम काफी बड़े स्तर पर हुआ है। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पांच करोड़ से अधिक लोगों ने आज योग अभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Updated: Tue, 21 Jun 2022 04:11 PM (IST)
Hero Image
8th International Yoga Day In UP: Governor Anandi Ben Patel And CM Yogi Adityanath

लखनऊ, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के राजभवन में योगाभ्यास किया। राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ तथा मंत्री, विधायकों व प्रशासनिक अधिकारियों ने आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग का अभ्यास किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर राजभवन को प्रतिदिन प्रात: पांच से सात बजे तक योग अभ्यास के लिए खोलने की भी घोषणा की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योग अभ्यास के बाद मीडिया से वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयास से ही योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मान्यता मिली है। आज विश्व के दो सौ से अधिक देशों में योग अभ्यास किया जा रहा है। पीएम मोदी ने योग को तो पूरी दुनिया में पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि मेरी तरफ से आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को बधाई। विश्व योग दिवस पर बड़ा कार्यक्रम हो रहा है। योग मानवता के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि योग शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में बड़ा कारगर है। भारत के लोग पहले से ही योग के अभ्यास में लगे थे, तभी कोरोना महामारी को हम सभी ने झेल लिया। कोरोना महामारी के दौरान दुनिया ने देखा कि योग से इम्युनिटी बढ़ी है और हमको उसी ने बचाया है। उन्होंने कहा कि योग अनुशासन से ही जुड़ा है। योग मानवता के लिए जरूरी है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि योग का पहला नियम अनुशासन से जुड़ा है। योग हमें अनुशासन में बांधकर, निरोगता और शारीरिक व मानसिक विकास की ओर ले जाता है। योग एक छोटी सी व्यवस्था से एक बड़े आयाम की ओर हम सभी को ले जाने का कार्य करता है।आध्यात्मिक उत्कर्ष, आत्मिक शांति और आरोग्यता के प्रदाता 'योग' से पूरी मानवता को जोड़ना ही 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' का उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आजादी के अमृत महोत्सव मना रहा है। यह भारत का अमृत वर्ष भी है। दो वर्ष बाद सामूहिक योग अभ्यास का कार्यक्रम काफी बड़े स्तर पर हुआ है। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पांच करोड़ से अधिक लोगों ने आज योग अभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया है। इस बार योग दिवस को योगा फॉर ह्यूमैनिटी की थीम पर मनाया गया है। उत्तर प्रेदश के हर गांव और हर वार्ड में योग दिवस का कार्यक्रम मनाया गया। मैं सभी योग साधकों का ह्रदय से आभारी हूं।

उन्होंने कहा कि भारत को अपने विरासत पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की ऋषि परम्परा को दुनिया के अंदर पहुंचाया है। यह वर्ष भारत की आजादी का अमृत महोत्सव है। आजादी का अमृत महोत्सव जब मनाया गया तो हमने इसको काफी करीब से देखा।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने इस अवसर पर कहा कि दो वर्ष बाद आज राजभवन योग में लीन हो गया। आज का यह दिन विश्व और हमारे लिए गौरवशाली है। आज पूरे विश्व के करोड़ों लोगों ने योग अभ्यास किया। योग जब जीवन का हिस्सा बनेगा अभी असरकारी होगा। उन्होंने कहा कि जन्म से ही बच्चों में योग की आदत होगी तो स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं होगी। अब से राजभवन सुबह पांच से सात बजे तक योग अभ्यास के लिए खुला रहेगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें