Move to Jagran APP

लखनऊ में बोले जेपी नड्डा, यूपी में पहले महिलाएं और बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं- सीएम योगी ने अब...

केंद्र सरकार ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश में चार जातियां महिला युवा किसान और गरीब को बताया है। उन्होंने सरकार की योजनाओं को सिलसिलेवार गिनाते हुए कहा कि इन्हीं जातियों को ताकत देकर देश की तकदीर व तस्वीर बदलना है। मोदी सरकार ने 13.5 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है।

By Jagran News Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sun, 31 Dec 2023 05:00 PM (IST)
Hero Image
जेपी नड्डा ने कहा मोदी सरकार ने देश से गरीबी दूर करने का काम किया है।
जासं, लखनऊ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि देशभर में अन्याय करने वाले अब न्याय यात्रा निकालने जा रहे हैं, जिन्होंने देश को तोड़ने का काम किया वो देश जोड़ने की पदयात्रा कर रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी व सपा नेता अखिलेश यादव का नाम लेकर कहा कि जिनके लिए परिवार ही सब कुछ रहा है वो भी अब देश की बातें कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को ये अंतर समझना होगा, क्योंकि अब देश को विकसित करने और उसे पीछे ले जाने वालों के बीच स्पर्धा होने जा रही है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रोकने वालों को सबक सिखाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने दुबग्गा चौराहे के करीब बरगदेश्वर मंदिर के सामने महिला हाफ मैराथन का शुभारंभ करने से पहले जनसभा में कहा कि अमृत भारत देश के नौजवानों का अमृत काल है।

मोदी सरकार ने गरीबी दूर करने का काम किया : नड्डा

केंद्र सरकार ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश में चार जातियां महिला, युवा, किसान और गरीब को बताया है। उन्होंने सरकार की योजनाओं को सिलसिलेवार गिनाते हुए कहा कि इन्हीं जातियों को ताकत देकर देश की तकदीर व तस्वीर बदलना है। मोदी सरकार ने 13.5 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है।

यूपी में पहले महिलाएं घर से बाहर निकलने में डरती थीं : नड्डा

नड्डा ने कहा कि यूपी गुंडों का बीमारू प्रदेश कहा जाता रहा। दिन में भी महिला व बेटियां घर से निकलने में डरती थींं। योगी आदित्यनाथ ने मेहनत करके महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करके यूपी लगातार विकसित हो रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश विकास की नई संभावनाओं को साकार कर रहा है। खेलो इंडिया, क्विट इंडिया के माध्यम से लगातार मेडल मिल रहे हैं। प्रदेश के शहरों से लेकर गांवों तक खेल के संसाधन मुहैया कराया जा रहा है। साठ हजार युवक व महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट दी गई है। उन्होंने कहा कि हाफ मैराथन का कार्यक्रम भी आधी आबादी को सशक्त करने के लिए आयोजित हुआ है। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए ये विशाल आयोजन हुआ है।

सभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया। यहां पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, खेल मंत्री गिरीश यादव, पूर्व उप मुख्यमंत्री डा दिनेश कुमार शर्मा, विधायक नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जयदेवी, योगेश शुक्ल आदि मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री ने झंडी दिखाकर हाफ मैराथन को रवाना किया। उत्साहित लोगों ने धावकों पर पुष्प बरसाए।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।