Move to Jagran APP

Karwa Chauth 2024: यूपी में दिखा चांद, सुहागिनों ने चलनी से चांद के बाद किया पति का दीदार; देखें PHOTOS

करवा चौथ 2024 की धूम पूरे उत्तर प्रदेश में देखने को मिली। सुहागिनों ने सोलह श्रृंगार करके चांद का दीदार किया और अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। चलनी की ओट से चांद देखने और फिर पति के चेहरे को निहारने का नजारा बेहद खूबसूरत था। इस खास मौके पर पतियों ने भी अपनी पत्नियों को उपहार देकर उनका सम्मान किया।

By Jagran News Edited By: Abhishek Pandey Updated: Sun, 20 Oct 2024 10:38 PM (IST)
Hero Image
चांद का दीदार करती महिलाएं (फोटो -जागरण)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पति की लंबी उम्र की कामना के साथ सोलह श्रृंगार कर सुहागिनों ने रविवार को करवाचौथ का व्रत रखा। धरा पर इन सजी सुहागिनों को देख मानों आसमां का चांद भी निकलने में संकोच रहा था। हालांकि जब वह निकला तो उल्लास और उमंग फूट पड़ा, व्रत रखने वाली महिलाएं आह्लादित हो गईं। चलनी की ओट से चांद के बाद पति के दीदार का नजारा देखते ही बनता था। इसके बाद पति के हाथ से पानी पीकर व्रत का पारण किया गया।

कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ मनाते हैं। इस दिन को सुहागिन महिलाओं के लिए पौराणिक और ऐतिहासिक माना गया है। इसके तहत सुहागिन महिलाएं दिन में अपने पतियों के लिए सजने-संवरने के साथ घरों में स्वादिष्ट पकवान बनाने में जुटी रहीं और शाम होते ही संपूर्ण श्रृंगार के साथ सज-धज कर पूजा की थाली हाथों में लेकर अपने पति व बच्चों के साथ छतों पर जाकर चंद्रदेव के दर्शन को व्याकुल रहीं। हालांकि सजने-संवरने का क्रम तो दो पहले से ही शुरू हो गया था।

करवा चौथ के व्रत को लेकर महिलाओं में उत्साह दिखा। पूर्व में ही पूजन सामग्री, करवा चलनी आदि की खरीदारी की गई थी। रविवार की सुबह से ही महिलाओं ने पूजन अर्चन की तैयारी शुरू कर दी। भोर में महिलाओं ने निर्जला व्रत का संकल्प लिया। दिन भर निर्जला रही व्रती महिलाओं ने शाम के वक्त सोलह शृंगार किया।

जगह जगह महिलाएं एकत्र हुईं और प्रथम पूज्य भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। बाद में रात आठ बजे चंद्रोदय होते ही उनको अर्घ्य दिया और पति के दीर्घायु की कामना की। बाद में छत पर पहुंच कर चलनी की ओट से पहले चांद और फिर पति का चेहरा निहारा, पति के हाथों जल पीकर व्रत खोला। पति ने भी पत्नी को उपहार दिए।

चांद ने चांद को देखकर तोड़ा व्रत, सुख-समृद्धि का लिया आशीर्वाद

पति के लंबी आयु की कामना और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए करवा चौथ का व्रत रविवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। सुहागिनों ने निर्जला व्रत रखा। सोलह श्रृंगार करके छलनी से चांद का दीदार किया। चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा अर्चना की। पति के हाथों पानी पीने के बाद व्रत तोड़ा। इसके बाद पति व बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। पतियों ने उपहार देकर सम्मान किया।

कानपुर जिला कारागार में महिला बंदियों ने मनाया करवा चौथ का पर्व

 विवाह के बाद पहली बार वृत रखने पर जब चांद निकला तो पति आशीष के साथ दीदार करतीं रिंकी।सुनील यादव(लवलीन)

मुरादाबाद में करवाचौथ वृत के बाद हाथ मे छलनी लेकर बालकनी से चांद का दीदार करतीं मीनाक्षी।

बुध बाजार स्थित दुर्गा गीता ज्ञान मंदिर में करवाचौथ पूजन के दौरान भगवान गणेश की परिक्रमा करतीं सुहागिन।

मुरादाबाद में करवाचौथ के पूजन के बाद साथियों के साथ सेल्फी लेतीं महिलाएं।

इसे भी पढ़ें: हाईकोर्ट ने बहराइच में बुलडोजर कार्रवाई पर लगाई रोक, हिंसा के बाद ग्रामीणों को जारी किया गया था नोटिस

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।