Move to Jagran APP

Lok Sabha Polls 2024: यूपी से चार पीएम देने वाली कांग्रेस 17 सीटों पर ही मानी, सपा के हिस्से आईं 63 सीटें

देश को उत्तर प्रदेश से चार प्रधानमंत्री देने वाली कांग्रेस को प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव में 17 सीटों से संतोष करना पड़ा है। बुधवार को कांग्रेस व सपा के बीच प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर आखिरकार पूर्णविराम लग गया। सपा ने प्रदेश की 63 सीटों पर लड़ने का फैसला किया है।

By Jagran News Edited By: Siddharth ChaurasiyaUpdated: Thu, 22 Feb 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
चार पीएम देने वाली कांग्रेस को यूपी में लोकसभा चुनाव में 17 "सीटों" से संतोष करना पड़ा है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। देश को उत्तर प्रदेश से चार प्रधानमंत्री देने वाली कांग्रेस को प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव में 17 "सीटों" से संतोष करना पड़ा है। बुधवार को कांग्रेस व सपा के बीच प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर आखिरकार पूर्णविराम लग गया। सपा ने प्रदेश की 63 सीटों पर लड़ने का फैसला किया है। जबकि मध्य प्रदेश में उसके पास खजुराहो की सीट आई है।

पहले कांग्रेस को सपा ने 11 और फिर 15 सीटों का प्रस्ताव दिया था। 17 सीटों पर भी बात तब बनी जब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को फोन किया। अखिलेश ने भी कहा है कि अब कोई टकराव नहीं, मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सोमवार को अखिलेश ने कांग्रेस को 17 सीटों की पेशकश कर शर्त लगा दी थी कि सीटों पर अंतिम बात के बाद ही वह उत्तर प्रदेश में राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

मंगलवार को दोनों तरफ से चुप्पी रही, बल्कि सपा ने वाराणसी सहित तीसरी सूची भी जारी कर दी। समझा जाता है कि इसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी महासचिव रहीं प्रियंका ने अखिलेश से बात की और बुधवार को बात बन गई। दोपहर बाद मुरादाबाद से सपा अध्यक्ष ने ‘अंत भला तो सब भला’ कह गठबंधन की घोषणा की और शाम लखनऊ में दोनों दलों की संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस के हिस्से की 17 सीटों की घोषणा कर दी गई।

सपा मुखिया अखिलेश यादव का अब राहुल की यात्रा में शामिल होना तय माना जा रहा है। यात्रा 24 फरवरी को मुरादाबाद से शुरू होकर 25 फरवरी को फतेहपुर सीकरी होते हुए राजस्थान जाएगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की ओर से उन्हें 24 व 25 फरवरी की यात्रा में आमंत्रित किया गया है।

कांग्रेस के हिस्से आईं यह सीटें

रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, इलाहाबाद, महाराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी व देवरिया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।