Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lucknow Nagar Nigam Update: अब नगर निगम के चार हजार कर्मचारियों का डाटा होगा ऑनलाइन

Lucknow Nagar Nigam Update नौकरी से लेकर परिवार तक की जुटाई जा रही जानकारी सेवानिवृत्ति पर नहीं होगी दिक्कत। अभिलेखों में वारिस का जिक्र न होने से कई बार दो-दो पत्नियां नौकरी व अन्य भुगतान के लिए दावा पेश कर देती हैं।

By Divyansh RastogiEdited By: Updated: Tue, 29 Dec 2020 07:40 AM (IST)
Hero Image
Lucknow Nagar Nigam Update: नौकरी से लेकर परिवार तक की जुटाई जा रही जानकारी, सेवानिवृत्ति पर नहीं होगी दिक्कत।

लखनऊ [अजय श्रीवास्तव]। Lucknow Nagar Nigam Update: नगर निगम में कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद भी सेवा पुस्तिका तैयार नहीं हो पाती है और उन्हें खुद के काम के लिए दौड़ लगानी पड़ती है। सेवाकाल में निधन होने पर असली वारिस को लेकर विवाद होता है। अभिलेखों में वारिस का जिक्र न होने से कई बार दो-दो पत्नियां नौकरी व अन्य भुगतान के लिए दावा पेश कर देती हैं। इससे नए-नए विवाद खड़े होते रहते हैं।  

इन समस्याओं को देखते हुए नगर निगम में सभी चार हजार नियमित कर्मचारियों का ब्योरा एक फॉर्मेट पर तैयार हो रहा है। इसमें कर्मचारियों से नौकरी मिलने से लेकर अब तक का सभी तरह का ब्योरा भरवाया जा रहा है। कार्रवाई के साथ ही सालभर में लिए गए अवकाश की भी जानकारी मांगी जा रही है। जल्द ही कर्मचारियों का यह डाटा ऑनलाइन हो जाएगा, जिसे कोई भी देख सकेगा। 

निकाय निदेशालय के पोर्टल पर रहेगा डाटा

नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि कई पेज के इस फॉर्मेट में कर्मचारियों से ब्योरा भरवाया जा रहा है, जिसमें उनकी फोटो भी लगाई जा रही है। स्थानीय निकाय निदेशालय के पोर्टल पर यह डाटा उपलब्ध रहेगा। 

फर्जीवाड़ा भी आ रहा सामने 

पदनाम चपरासी, लेकिन काम बाबू का। बाबू हैं तो काम दूसरा कर रहे हैं, जिसकी अर्हता भी नहीं है। विभागाध्यक्षों के लिए भी ऐसे कर्मचारी मुफीद रहते हैं, जो पद के विपरीत काम कर रहे हैं, लेकिन वह पर्दा डाले रहते हैं। पत्रावलियों पर यह कर्मचारी पद के विपरीत नोटिंग करने के साथ ही हस्ताक्षर तक करते हैं। नगर निगम में यह खेल वर्षों से चल रहा है और कार्रवाई के समय जिम्मेदारी तय नहीं हो पाती। शासन के निर्देश पर नगर निगम कर्मचारियों का डाटा तैयार हो रहा है, जिससे वह ऑनलाइन दिखने लगेंगे। अधिकारी भी आश्चर्य में हैं कि जो कर्मचारी बाबू का काम कर रहा है, हकीकत में वह चपरासी या गैंगकुली है। 

कर्मचारियों से मांगी जा रही यह जानकारी 

  • कर्मचारी का नाम, पदनाम और विभाग 
  • कानूनी अभिभावक, पेंशन और ग्रेच्युटी के लिए नामित लोग 
  • सेवाकाल अवधि में किन कारणों से प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई
  • सालभर में कुल कितना अवकाश लिया
  • परिवार के सदस्यों का ब्योरा और उनकी जन्मतिथि 
  • नौकरी मिलने से जुड़ी जानकारियां 
  • पहचान चिह्न, जाति वर्ग, लंबाई, ब्लड ग्रुप, गृह राज्य व जिला, वर्तमान सेवा का संवर्ग, वर्तमान स्थायी पता, घर का नंबर, गली का नाम, मोहल्ला व गांव, वार्ड संख्या।