Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

योगी सरकार में मंत्री सोनम चिश्ती ने इस्तीफा देकर कहा, 'शिकायत करते-करते थक गई हूं'

किन्नर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) सोनम चिश्ती ने सरकार में सुनवाई न होने का गंभीर आरोप लगाते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। हालांकि सरकार ने अभी त्यागपत्र को स्वीकार नहीं किया है। मीडिया से बातचीत में सोनम ने सरकारी अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। कहा प्रश्न उठाने पर अधिकारी धमकी देते हैं। मुख्यमंत्री से शिकायत करते-करते थक गई हूं।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 19 Jul 2024 09:54 PM (IST)
Hero Image
योगी सरकार में मंत्री सोनम चिश्ती ने दिया इस्तीफा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। किन्नर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) सोनम चिश्ती ने सरकार में सुनवाई न होने का गंभीर आरोप लगाते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। हालांकि, सरकार ने अभी त्यागपत्र को स्वीकार नहीं किया है। 

मीडिया से बातचीत में सोनम ने सरकारी अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। कहा, प्रश्न उठाने पर अधिकारी धमकी देते हैं। मुख्यमंत्री से शिकायत करते-करते थक गई हूं। सोनम के इन आरोपों के बाद एक बार फिर नेताओं व कार्यकर्ताओं की सुनवाई न होने का मुद्दा गरमा गया है। 

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मामला उठा था। सोनम चिश्ती ने राज्यपाल को भेजे पत्र में कहा है कि वह लोकसभा चुनाव के परिणाम व भाजपा के खराब प्रदर्शन से आहत होकर हार की जिम्मेदारी लेती हैं। 

कहा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रहते हुए लोगों के बीच भाजपा को मजबूत करने में असफल रही। इस कारण अपनी अंतरआत्मा से व्यथित होकर सरकारी पद से त्यागपत्र दे रही हूं। इसके बाद भाजपा के संगठन को मजबूत करने के लिए काम करती रहूंगी और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसका निष्ठापूर्वक निर्वहन करूंगी। 

सोनम का यह भी आरोप है कि अधिकारियों से बार-बार कहने पर भी किसी जरूरतमंद को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मुश्किल हो रही है। इससे वह काफी आहत हैं।

यह भी पढ़ें: स्वामी प्रसाद मौर्य और बेटी संघमित्रा के खिलाफ कुर्की का नोटिस जारी, मजिस्ट्रेट कोर्ट ने जारी किया आदेश

यह भी पढ़ें: नया नहीं है दुकानों पर नाम लिखने का नियम, कांग्रेस सरकार ने ही बनाया था कानून; नहीं मानने पर 10 लाख तक जुर्माना