Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

महाराष्‍ट्र में चुनाव से पहले NCP को बड़ा झटका, कई द‍िग्‍गज नेता सपा में शामि‍ल; अखि‍लेश उतारेंगे प्रत्‍याशी

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखि‍लेश यादव महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने में जुट गए हैं। अखिलेश यादव ने पिछले दिनों विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और तीन विधायकों को प्रभारी बनाया है। सोमवार को महाराष्ट्र एनसीपी अजित पवार गुट के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सपा ने शामिल करके पार्टी ने अपनी तैयारियों को और आगे बढ़ाया।

By Nishant Yadav Edited By: Vinay Saxena Updated: Tue, 10 Sep 2024 01:55 PM (IST)
Hero Image
अजित पवार गुट के कई पदाधि‍कारी और कार्यकर्ता सपा में शामि‍ल।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने के बाद सपा महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी में जुटी हुई है। हरियाणा में सपा ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पिछले दिनों विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और तीन विधायकों को प्रभारी बनाया है।

सोमवार को महाराष्ट्र एनसीपी अजित पवार गुट के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सपा ने शामिल करके पार्टी ने अपनी तैयारियों को और आगे बढ़ाया। सपा में शामिल अधिकांश पदाधिकारी व कार्यकर्ता धुले क्षेत्र के रहने वाले हैं। सपा इस सीट से अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है।

कई द‍िग्‍गज नेता सपा में शामि‍ल

एनसीपी अजीत गुट छोड़कर राज्य महामंत्री इरशाद भाई जागीरदार, प्रदेश सचिव नरेंद्र भाई चौहान सहित धुले के पार्षद, जिला संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सपा में शामिल हुए हैं। महाराष्ट्र में सपा ने विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस गठबंधन से 12 सीटें मांगी हैं।

मुस्‍ल‍िम बहुल और उत्तर भारतीयों पर नजर

इसमें मुंबई की मानकोर शिवाजी नगर, भायखला, वर्सोवा, इससे सटे ठाणे की भिवंडी ईस्ट और भिवंडी वेस्ट के अलावा महाराष्ट्र की धुले , औरंगाबाद और मालेगांव शामिल हैं। मानकोर शिवाजी नगर सीट से सपा के महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष अबु आजमी और भिवंडी ईस्ट से रईस शेख पार्टी के मौजूदा विधायक हैं। मुंबई और ठाणे में उत्तर भारतीय मतदाताओं की संख्या महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों की अपेक्षा अधिक है। ऐसे में सपा की नजर मुस्लिम बहुल और उत्तर भारतीयों की अधिक संख्या वाली सीटों पर है।

सपा के महाराष्‍ट्र प्रभार‍ियों की बैठक

महाराष्ट्र चुनाव के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, जौनपुर के मलहनी के विधायक लकी यादव, केराकत के विधायक तूफानी सरोज और कौशांबी के मंझनपुर के विधायक इंद्रजीत सरोज को महाराष्ट्र/मुंबई का प्रभारी बनाया है। यह सभी प्रभारी मंगलवार को मुंबई में सपा के प्रदेश मुख्यालय में चुनाव की तैयारियों को लेकर एक बैठक करेंगे। बैठक में हर सीट के समीकरणों पर चर्चा होगी। इसके बाद ही सपा इन सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर निर्णय लेगी।

यह भी पढ़ें: 'शिक्षक भर्ती मामले में दोहरा खेल न खेले यूपी सरकार', SC के आदेश के बाद अखि‍लेश का भाजपा पर न‍िशाना