Move to Jagran APP

Lucknow Nagar Nigam: पुराने सपा नेता होंगे प्रसपा के उम्मीदवार, आदित्य यादव संभालेंगे चुनावी बागडोर

लखनऊ के कई वार्डों में पुराने सपा नेता हो सकते हैं प्रसपा लोहिया के उम्मीदवार। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की कमान संभालते ही प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव की घोषणा ने सपा खेमे की बेचैनी अचानक बढ़ा दी है।

By Anurag GuptaEdited By: Updated: Tue, 23 Aug 2022 08:32 PM (IST)
Hero Image
प्रसपा की सेंधमारी की बेचैनी के बीच अपनों से भी लड़ेगी समाजवादी पार्टी।
लखनऊ, [निशांत यादव]। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की कमान संभालते ही नगर निगम चुनाव में पूरी ताकत से लड़ने के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव की घोषणा ने समाजवादी पार्टी के खेमे की बेचैनी अचानक बढ़ा दी है। लखनऊ नगर निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी को इस बार चाचा शिवपाल यादव की पार्टी प्रसपा लोहिया की वोटाें की सेंधमारी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं सपा के कई पुराने नेता इस बार प्रसपा लोहिया से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।

पिछले नगर निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी से 32 पार्षद जीतकर सदन तक पहुंचे थे। इस बार निगम चुनाव से पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महानगर और जिला कार्यकारिणी को ही भंग कर दिया। अखिलेश यादव ने लखनऊ नगर निगम चुनाव के लिए तीन विधायकों अमिताभ वाजपेयी, फरीद महफूज किदवई और धर्मराज उर्फ सुरेश यादव को पर्यवेक्षक बनाया है।

वहीं दूसरी तरफ प्रसपा लोहिया नगर निगम चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से तैयार कर रही है। रंजीत यादव को दोबारा जिलाध्यक्ष और सऊद खान को पार्टी का नगर अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव के साथ राज्य स्टैंडिंग कमेटी महानगर और जिलाध्यक्ष के भेजे गए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाएगी। अगले एक सप्ताह में सिंबल को लेकर भी तस्वीर साफ हो सकती है।

प्रसपा लोहिया की नजर सपा के परंपरागत यादव और मुस्लिम वोटबैंक पर है। मुस्लिम और यादव बहुल वार्डों में प्रसपा लोहिया ने सपा से असंतुष्ट नेताओं को साधना शुरू कर दिया है। रंजीत यादव और सऊद खान के अलावा प्रदेश महासचिव सपा के पूर्व पार्षद अजय अवस्थी बंटी और राजेश यादव, राम समुझ यादव, रामशरण पाठक जैसे पुराने सपा नेता प्रसपा लोहिया से दावेदारी ठोंक सकते हैं।

वहीं सपा से टिकट न मिलने पर कई असंतुष्ट बागी भी प्रसपा लोहिया का चेहरा बन सकते हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्र का कहना है कि लखनऊ नगर निगम का चुनाव प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव की देखरेख में लड़ा जाएगा। पार्टी मजबूती से हर वार्ड में अपना प्रत्याशी समीकरणों को साधकर उतारेगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।