Move to Jagran APP

UP Weather News: यूपी में तेजी से बदला मौसम, प्रयागराज में तेज बरसात, आगरा में हाड़ कंपाने वाली ठंड, शामली में छाया घना कोहरा

मंगलवार को प्रदेश में दूसरा ठंडा शहर रहा था आगरा। पिछले एक सप्ताह से आगरा शीतलहर की चपेट में है। आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश घाेषित कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि चार-पांच दिन रहेगी स्थिति। प्रयागराज में जनवरी की पहली बरसात होने से वायु गुणवत्ता सुधरी है। वहीं शामली में घने कोहरे से दिन निकला है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Wed, 03 Jan 2024 09:16 AM (IST)
Hero Image
UP Weather News: यूपी के प्रयागराज में बारिश के साथ हुई सुबह।

डिजिटल डेस्क, आगरा/कानपुर/प्रयागराज/लखनऊ। UP Weather News: जनवरी के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। वर्ष के पहले दिन सोमवार को सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरे दिन मंगलवार को 10 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया था जो सटीक बैठा। गरज चमक के साथ बुधवार को जनवरी की पहली बारिश हुई।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया था कि तीन से पांच जनवरी तक आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय जलवायु की एवं समुद्र अध्ययन केंद्र के प्रमुख प्रो. सुनीत द्विवेदी ने बताया कि बादलों की वजह से आर्द्रता बढ़ेगी और इसकी वजह से अभी कुछ दिनों में तापमान वृद्धि देखने को मिलेगी। हालांकि, चार पांच दिनों में तापमान के चढ़ाव के बाद फिर से तापमान नीचे गिरेगा।

ये था अनुमान

प्रो. सुनीत के अनुसार एलनीनो के विकसित होने की वजह से इस बार ठंड जल्दी चली जाएगी। मानसून भी कम होगा और ग्रीष्म ऋृतु का अंतराल लंबा होगा। उधर, मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान से स्पष्ट किया है कि आठ जनवरी तक अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

ये भी पढ़ेंः Haryana Weather: कोल्ड डे में बढ़ी ठंड... तापमान में तेजी से हुई गिरावट, कई जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी

हाड़ कंपा देने वाली ठंड

आगरा। शीत लहर और आसमान में छाए बादलाें की वजह से मंगलवार को हाड़ कंपा देने वाली ठंड रही। सुबह से रात तक गलन अधिक होने से लोग ठिठुरते रहे। प्रदेश के ठंडे शहरों में आगरा दूसरे नंबर पर रहा। प्रदेश में मुजफ्फर नगर (5.2 डिग्री सेल्सियस) सबसे ठंडा रहा। मंगलवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन और रात रही। मौसम विभाग का चार-पांच दिन मौसम ऐसा ही बना रहने का पूर्वानुमान है। अधिकतम तापमान बढ़ने पर कुछ राहत जरूर मिल सकती है।

ये भी पढ़ेंः Weather Update: मथुरा में भीषण ठंड से कांपे लोग, पारा पांच डिग्री सेल्सियस पहुंचा, सर्दी के चलते स्कूलों का बदला समय

एक सप्ताह से शीतलहर की चपेट में आगरा

एक सप्ताह से आगरा शीत लहर की चपेट में है। इसका सर्वाधिक असर मंगलवार सुबह देखने को मिला। शीत लहर चलते रहने और बादल छाए रहने की वजह से सुबह से ही गलन रही। दिनभर लोग ठिठुरते रहे। गरम कपड़े पहनने पर भी उन्हें राहत नहीं मिली। ठंड के प्रकाेप से बचने को वह दिन में भी अलाव जलाकर तापते नजर आए। 

पिछले वर्ष अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि चार-पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा पांच जनवरी को न्यूनतम तापमान गिरकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। थोड़ा या हल्का कोहरा रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि लगातार शीत लहर चलने से न्यूनतम तापमान और दिन में घने बादलों के स्थिर रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। बुधवार व गुरुवार से अधिकतम तापमान में वृद्धि होने पर राहत मिलेगी। हल्का कोहरा रहेगा।

सुबह कोहरा के बाद बरसात

लखनऊ में बुधवार तड़के कोहरा छाया रहा, 10 बजे बारिश शुरू हुई। गोमतीनगर, शहीद पथ और इंदिरानगर समेत कई क्षेत्रों में हल्की बरसात और शीतलहर के चलते ठिठुरन बढ़ गई। लोग घरों में दुबके रहे। लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।

प्रदेश में आगरा और इटावा सबसे ठंडा रहा। लखनऊ में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार से मौसम साफ रहेगा और धूप भी निकलने के आसार हैं। लेकिन, शीतलहर की वजह से ठंड से बहुत राहत नहीं मिलने वाली है। राजधानी में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।

शामली में कोहरा से शुरुआत

शामली। शामली जिले में कोहरा और शीतलहर लगातार परेशान कर रहे हैं। बुधवार की सुबह घने कोहरे से होने के कारण आम जनजीवन पर इसका असर देखने को मिला। शीतलहर से लोग कपकंपा रहे हैं। दिन में हल्की धूप होने से सर्द हवाएं बेहाल कर रही हैं।

कानपुर में भी कड़ाके की सर्दी

कानपुर। मंगलवार की सुबह से सूरज का दर्शन नहीं होने से शहर में दिन का तापमान तेजी से नीचे गिरा है । रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस रहने के बाद भी पूरे दिन सर्द हवा और नमी के साथ मौसम में गलन और कंपकंपी का मौसम बना रहा । मंगलवार अब तक इस सीजन का सबसे सर्द दिन भी रहा जब दिन का अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री के स्तर तक नीचे चला गया।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी बुधवार को भी सर्द दिन रहने के आसार हैं। कृषि मौसम विज्ञानी डा एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में अब भी नमी के साथ पश्चिम -उत्तर की हवा बह रही है। इससे पहाड़ों की सर्दी यहां पहुंच रही है। दिन में सूरज के नहीं निकलने से न्यूनतम तापमान अधिक रहने का भी कोई लाभ नहीं मिल सका।

बुधवार को भी मध्यप्रदेश से बादलों के यहां पहुंचने के आसार हैं। इससे दिन में सूरज नहीं निकलेगा और सर्दी का असर बढ़ जाएगा। इस मौसम में विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सर्दी से बचाने की जरूरत है। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।