Move to Jagran APP

Rajya Sabha Election 2024: सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह समेत भाजपा के सात प्रत्याशियों ने किया नामांकन, सीएम योगी रहे मौजूद

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रत्याशियों आरपीएन सिंह सुधांशु त्रिवेदी तेजवीर सिंह ने विधानभवन के कक्ष संख्या 48 में नामांकन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।

By Jagran News Edited By: Vinay Saxena Updated: Wed, 14 Feb 2024 12:20 PM (IST)
Hero Image
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखि‍ल करते सुधांशु त्रिवेदी, साथ में सीएम योगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्यसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के लिए घोषित किए गए भाजपा के सातों प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के उप्र चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा की उपस्थिति में आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत और नवीन जैन ने विधान भवन में रिटर्निंग अफसर बृजभूषण दुबे के समक्ष दो-दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें से सुधांशु त्रिवेदी को भाजपा ने जहां दोबारा राज्यसभा भेजने का निर्णय किया है, वहीं बाकी छह पहली बार संसद के उच्च सदन में जाएंगे।

भाजपा प्रत्याशियों में आरपीएन सिंह पहले कांग्रेस पार्टी में थे। वह कुशीनगर की पडरौना सीट से तीन बार विधायक चुने गए और 2009 में कुशीनगर से सांसद निर्वाचित होने पर मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रहे। वर्ष 2022 में विधान सभा चुनाव से पहले वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। नामांकन के बाद भावुकता वश उनकी आंखें छलछला गईं। सुधांशु त्रिवेदी पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य हैं।

मथुरा से भाजपा के तीन बार सांसद रहे तेजवीर सिंह दो बार पार्टी के जिलाध्यक्ष और उप्र सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी रहे। साधना सिंह चंदौली की मुगलसराय सीट से 2017 में भाजपा विधायक चुनी गई थीं लेकिन 2022 में उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया था। प्रतापगढ़ निवासी अमरपाल मौर्य भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं। गाजीपुर निवासी डा. संगीता बलवंत योगी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री थीं लेकिन वह 2022 में विधान सभा चुनाव हार गई थीं। नवीन जैन आगरा के पूर्व महापौर व उप महापौर रहे हैं।

इससे पहले भाजपा के सभी प्रत्याशी सुबह 10 बजे भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में एकत्र हुए। उप्र के लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होने के लिए खासतौर से बुधवार सुबह लखनऊ पहुंचे थे। उप्र का लोकसभा चुनाव प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रदेश में यह उनका पहला आगमन था। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पांडा समेत भाजपा के सभी प्रत्याशियों का पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने स्वागत किया।

यह भी पढ़ें: स्‍वामी प्रसाद के बाद पल्लवी पटेल ने अखि‍लेश को द‍िया झटका, सपा के राज्यसभा प्रत्याशियों के पक्ष में नहीं देंगी वोट; बताई ये वजह

यह भी पढ़ें: यूपी के इन 13 जिलों से होकर गुजरेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा, राहुल के साथ प्रियंका भी रहेंगी मौजूद

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।