Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ram Mandir: प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारी तेज, 104 डॉक्टरों सहित 135 स्वास्थ्य कर्मियों की लगी ड्यूटी; उप मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

Ram Mandir अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला विराजमान होने वाले हैं। प्रभु श्रीराम के मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। अयोध्या में यहां अस्थाई चिकित्सा केंद्र बनाए जा रहे हैं और दो 20-20 बेड के अस्पताल भी तैयार हो रहे हैं।

By Ashish Kumar Trivedi Edited By: Swati Singh Updated: Tue, 09 Jan 2024 08:39 AM (IST)
Hero Image
प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारी तेज, 104 डॉक्टरों सहित 135 स्वास्थ्य कर्मियों की लगी ड्यूटी

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला विराजमान होने वाले हैं। इस ऐतिहासिक दिन की तैयारियां पिछले एक महीने से चल रही है। अब इन तैयारियों को आखिरी रूप दिया जा रहा है। प्रभु श्रीराम के मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है।

अयोध्या में यहां अस्थाई चिकित्सा केंद्र बनाए जा रहे हैं और दो 20-20 बेड के अस्पताल भी तैयार हो रहे हैं। 15 जनवरी को मकर संक्रांति से यहां मेला लगेगा जो 15 फरवरी तक चलेगा। वहीं 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। ऐसे में 104 डॉक्टरों की यहां पर ड्यूटी लगाई गई है। 70 फार्मासिस्ट और 65 वार्ड ब्वाय व चतुर्थ श्रेणी कर्मी हैं। कुल 135 स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

उप मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अयोध्या में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को दिलाई जाएं। यहां 50 एंबुलेंस और बढ़ाई जा रही हैं। अभी 108 एंबुलेंस सेवा व 102 एंबुलेंस सेवा की कुल 59 एंबुलेंस हैं। आगे इनकी संख्या बढ़कर 109 हो जाएगी।

सीएमओ के कार्यालय में रिपोर्ट करेंगे सभी डॉक्टर

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (प्रशासन) डा. राजागणपित आर की ओर से फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन, ऑर्थोपेडिक सर्जन, निश्चेतक, कार्डियोलॉजिस्ट और महिला चिकित्साधिकारी इत्यादि की ड्यूटी लगाई गई है। जिन डॉक्टरों व कर्मचारियों की ड्यूटी अयोध्या में एक महीने के लिए लगाई गई है, उन्हें 12 जनवरी को अयोध्या के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) के कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा। ताकि वहां जरूरत के अनुसार अलग-अलग चिकित्सालयों में इनकी ड्यूटी लगाई जा सके।

स्टैंड बाई पर रहेंगे डॉक्टर

वहीं आगे जरूरत के अनुसार संजय गांधी पीजीआई, केजीएमयू व डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी भी यहां लगाई जाएगी। लोगों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: Ram Mandir: अयोध्या में सवा करोड़ श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराएगा संघ, श्रद्धालुओं को रामनगरी भ्रमण कराने की देशव्यापी योजना

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर