Move to Jagran APP

कई बार लखनऊ आए Ratan Tata, हमेशा एक ही होटल में ठहरे; मैनेजर ने बताया- खुद ही करते थे अपने कमरे में सारा काम

रतन टाटा के निधन से देश ने एक महान उद्योगपति और परोपकारी व्यक्ति को खो दिया है। रतन टाटा ने अपने जीवन में कई उपलब्धियां हासिल कीं और भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया । टाटा टेल्को के उद्घाटन से लेकर और कई बार उनका लखनऊ आना-जाना रहा । इस दौरान वह हमेशा होटल ताज में रुकते थे ।

By Mahendra Pandey Edited By: Aysha Sheikh Updated: Thu, 10 Oct 2024 03:56 PM (IST)
Hero Image
उद्योगपति रतन टाटा - फाइल फोटो ।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। रतन टाटा इतने बड़े उद्योगपति होते हुए भी बहुत ही सहज और सरल थे। टाटा टेल्को के उद्घाटन से लेकर और कई बार उनका लखनऊ आना-जाना रहा। इस दौरान वह हमेशा होटल ताज में रुकते थे। लखनऊ उनको बहुत अच्छा लगता था। वह हमेशा कहते थे, यहां आकर अच्छा लगता है।

ताज होटल के मैनेजर शबाहत हुसैन ने बताया कि रतन टाटा बहुत इत्मिनान से आते थे। थोड़ी देर साथ बैठते और काफी पीते। स्टाफ से बहुत अच्छे से मिलते थे। सबका हाल पूछते थे। सभी से बहुत प्यार से बात करते थे। कभी इस बात का एहसास नहीं होने देते थे कि वह इतनी बड़ी शख्सियत हैं। अपने कमरे में सारा काम खुद ही करते थे। वह जमीन से जुड़े व्यक्ति थे। उनके जैसा स्वभाव मैंने अपने जीवन में किसी का नहीं देखा।

मुख्यमंत्री योगी ने रतन टाटा के स्‍वर्गवास पर जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिग्गज उद्योगपति और टाटा संस के प्रमुख रतन टाटा के स्‍वर्गवास पर शोक व्यक्त किया है। इंटरनेट मीडिया एक्स पर किए गए पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा कि भारत के प्रख्यात उद्योगपति, 'पद्म विभूषण' श्री रतन टाटा जी का निधन अत्यंत दुखद है। वह भारतीय उद्योग जगत के महानायक थे।

उनका जाना उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संपूर्ण जीवन देश के औद्योगिक और सामाजिक विकास को समर्पित था। वे सच्चे अर्थों में देश के रत्न थे। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा उनके शोकाकुल परिवारजन और प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

मुंबई के अस्पताल में ली अंतिम सांसे

बुधवार को भारत के सबसे बड़े बिजनेस टाइकून और टाटा संस के चेयरमैन पद्म विभूषण रतन टाटा का 86 वर्ष की उम्र में स्‍वर्गवास हो गया। रतन टाटा मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। बुधवार की शाम को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने की खबर आई थी।  इससे पहले सोमवार को भी रतन टाटा की तबीयत बिगड़ने की खबर आई थी, लेकिन रतन टाटा ने कुछ देर बार ही खुद इस खबर का खंडन किया था।

ये भी पढ़ें -  Ratan Tata Death News: पद्म विभूषण रतन टाटा का 86 साल की उम्र में स्‍वर्गवास, मुंबई के अस्पताल में भर्ती थे; 2 दिन पहले कहा था- 'ठीक हूं, चिंता की बात नहीं'

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें