Move to Jagran APP

Sawan Somvar 2022: उत्‍तर प्रदेश में सावन के पहले सोमवार पर मंद‍िरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, चारों ओर हर-हर महादेव की गूंज

Sawan Somvar 2022 आज सावन के सोमवार का पहला व्रत है। इस दिन भगवान शिव की पूजा अर्चना की जाती है। मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करने से वे जल्दी प्रसन्न होते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं जल्द पूरी करते हैं।

By Prabhapunj MishraEdited By: Updated: Mon, 18 Jul 2022 08:51 AM (IST)
Hero Image
Sawan Somvar 2022: सावन के पहले सोमवार पर मंद‍िरों में उमड़ी भक्‍तों की भीड़

लखनऊ, जेएनएन। सावन का पहला सोमवार आज है। देशभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भगवान शिव को सावन का महीना सबसे प्रिय माना जाता है। श‍िवभक्‍तों के ल‍िए भी ये माह खास होता है। कई लोग सोमवार के दिन व्रत रखते हैं। मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करने से वे जल्दी प्रसन्न होते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं जल्द पूरी करते हैं। 

वाराणसी मे काशी व‍िश्‍वनाथ मंद‍िर, बाराबंकी में लोधेश्‍वर महादेव मंद‍िर, कानपुर में आनंदेश्‍वर मंद‍िर (परमट) सह‍ित प्रदेश के सभी श‍िव मंद‍िरों में भक्‍तों का तांता लगा हुआ हैं। घंटे, घड़‍ियाल, शंख और हर हर महादेव के जय घोष के बीच भक्‍त भोलेनाथ के दर्शन प्राप्‍त कर रहे हैं।

सोमवार का दिन भगवान शिव का प्रिय दिन माना जाता है। पौराण‍िक ग्रन्‍थों में मान्‍यता है क‍ि सावन में समस्त देवता शयन (निंद्रा) करते हैं, लेकिन शिव जाग्रत रहते हैं। इसी कारण यह महीना भोलेनाथ को समर्पित है। व्रत रखकर रुद्राभिषेक, महाभिषेक व जलाभिषेक करने पर शिव प्रसन्न होकर मनोवांछित फल प्रदान करते हैं।

वाराणसी में सावन के पहले सोमवार पर काशी विश्‍वनाथ मंदिर में हाजिरी लगाने के लिए आस्‍था की कतार गंगधार से बाबा दरबार तक उमड़ पड़ी है। दूर दराज से पहुंचे लोगों के आगमन से बाबा दरबार परिक्षेत्र और गंगा तट हर- हर महादेव और हर हर -गंगे के उद्घोष से डूब गया है।

सावन के पहले सोमवार पर हर ओर आस्‍था, भक्ति, वैराग्य व समर्पण का माहौल है। सुबह से ही शिव मंदिरों में घंटे-घडि़याल बज रहे हैं। ऊ नमः शिवाय का जाप हो रहा है। गंगा स्‍नान कर भक्‍त भोलेनाथ को प्रसन्‍न करने के लिए गंगाजल से जलाभिषेक कर रहे हैं। दूध, दही और शहद से भी शिवलिंग का अभिषेक किया जा रहा है।

भोलेनाथ को प्रसन्‍न करने के ल‍िए भक्‍त बेलपत्र, धतूर, माला-फूल से भी पूजन-अर्चन कर रहे हैं। सावन माह के आरंभ होते ही चहुंओर शिवमय माहौल हो गया है। देवाधिदेव महादेव भगवान शिव के प्रिय महीने में श्रवण नक्षत्र में सनातन धर्मावलंबी शिवालयों में दर्शन-पूजन करने को पहुंच रहे हैं। रुद्राभिषेक, जलाभिषेक व महाभिषेक का सिलसिला पूरे माह चलेगा। 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें