Move to Jagran APP

Tourism In UP: योगी सरकार का टूर‍िज्‍म पर फोकस, आगरा-कानपुर सहित छह जिले बनेंगे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र

यूपी में पर्यटन को बढ़ावा देने पर योगी आद‍ित्‍यनाथ सरकार का फोकस है। पर्यटन विभाग ने यूपी में समृद्धशाली सांस्कृतिक विरासत सहेजने को प्रस्ताव तैयार क‍िया है। वहीं वाराणसी मथुरा और अयोध्या के लिए भी नई परियोजनाएं बन रही हैं।

By Prabhapunj MishraEdited By: Updated: Fri, 16 Sep 2022 01:04 PM (IST)
Hero Image
Tourism In UP: आगरा-कानपुर सहित छह जिले बनेंगे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। Tourism In UP योगी सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड के पुराने किलों को पर्यटन का नया आकर्षण बनाने की योजना शुरू कराई और अब पर्यटन विभाग ने आगरा, कानपुर, झांसी, महोबा, गोरखपुर और कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन केंद्र बनाने का निर्णय लिया है।

इसके साथ ही धार्मिक नगरी वाराणसी, अयोध्या और मथुरा के लिए भी नई परियोजनाएं बनाई जा रही हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार ने स्वदेश दर्शन योजना की गाइडलाइन को संशोधित करते हुए नई गाइडलाइन जारी की है। उसी के अनुसार प्रदेश सरकार द्वारा विंध्याचल, नैमिषारण्य, प्रयागराज, चित्रकूट और संकिसा के पर्यटन विकास के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर योजना तैयार कर भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड करा दी गई है।

वहीं, प्रदेश की विशालता, समृद्धशाली, सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन की असीम संभावनाओं को देखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि आगरा, कानपुर, झांसी, महोबा, गोरखपुर और कुशीनगर के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इन्हें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए प्रस्ताव बना लिए गए हैं। पर्यटन मंत्री ने बताया कि भारत सरकार की प्रासाद योजना के तहत वाराणसी, मथुरा और अयोध्या के समेकित पर्यटन विकास के लिए भी नई परियोजनाएं तैयार कराई जा रही हैं।

वहीं, पर्यटन मंत्रालय के साथ हाल में ही हुई बैठक में मथुरा, अयोध्या और प्रयागराज में माइस टूरिज्म (बैठक, सम्मेलन, प्रदर्शनी आदि से संबंधित) के लिए कन्वेंशन सेंटर बनाने की सहमति दी गई है। मंत्री ने बताया कि मिनी प्रासाद योजना के तहत गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य, मीरजापुर, बटेश्वर, संकिसा, कौशाम्बी, चित्रकूट, श्रावस्ती और कपिलवस्तु में मूलभूत सुविधाओं का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें