Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

How Can You रोक? स्ट्रांग रूम जाने से दारोगा ने रोका तो भड़क गए सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव, वीडियो देख लोग ले रहे चुटकी

UP Lok Sabha Bypolls Result आजमगढ़ में वोटिंग की गिनती शुरू हुई तो सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई। धर्मेंद्र यादव स्ट्रांग रूम तक जाना चाहते थे लेकिन पुलिसकर्मी ने कहा कि यह गेट सिर्फ कर्मचारियों के लिए है।

By Umesh TiwariEdited By: Updated: Sun, 26 Jun 2022 06:14 PM (IST)
Hero Image
UP Lok Sabha Bypolls: दरोगा से हुई झड़प तो भड़क गये सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोनों सीटों रामपुर और आजमगढ़ पर जीत दर्ज की है। वर्ष 2019 में दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने वाली सपा रामपुर और आजमगढ़ दोनों सीटों पर हार गई है। रामपुर भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी तो वहीं आजमगढ़ में दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भगवा लहरा दिया है। इन सीटों पर 23 जून को वोट डाले गए थे। आजमगढ़ सीट सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व रामपुर सीट आजम खां के इस्तीफे के कारण खाली हुई थीं।

आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटें, जो सपा का गढ़ मानी जाती रही है, वहां भाजपा ने सेंधमारी कर जीत हासिल की है। इसी बीच आजमगढ़ लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह काउंटिंग ड्यूटी पर तैनात पुलिस सब इंस्पेक्टर पर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं। 

बताया जा रहा है कि रविवार को जब आजमगढ़ में वोटिंग की गिनती शुरू हुई तो सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई। धर्मेंद्र यादव स्ट्रांग रूम तक जाना चाहते थे लेकिन पुलिसकर्मी ने कहा कि यह गेट सिर्फ कर्मचारियों के लिए है। आप यहां से भीतर नहीं जा सकते हैं। इस पर धर्मेंद्र भड़क गए।

दोनों में बहस चल रही थी कि धर्मेंद्र यादव ने नाराज होकर कहा कि 'How Can You रोक? आप लोग हमें अंदर क्यों नहीं जाने दे रहे हो? आप मशीनें बदलना चाहते हो।' काफी देर तक धर्मेंद्र यादव पुलिसकर्मियों से बहस करते रहे। इसी बीच एक पुलिसकर्मी यह भी कहते हुए नजर आ रहा है कि आप ऐसे बात नहीं कर सकते। हालांकि धर्मेंद्र यादव का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह पुलिसकर्मियों से उलझते रहे, जिसका वीडियो इस वक्त वायरल हो रहा है और लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

पुलिसकर्मियों ने उन्हें कथित रूप से कहा कि उन्हें इसके लिए पहले डीएम से अनुमति लेनी होगी। स्ट्रांग रूम में जाने की इजाजत नहीं मिलने के बाद उन्होंने ईवीएम बदलने के आरोप लगाए। हालांकि लगभग 25-30 मिनट बाद उन्हें स्ट्रांग रूम में जाने की इजाजत मिल गई।

बता दें कि आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने 11212 वोटों से दर्ज की जीत की है। शुरुआती रुझानों में रामपुर और आजमगढ़ दोनों सीटों पर सपा प्रत्याशी आगे चल रहे थे। आजमगढ़ सीट पर धर्मेंद्र यादव तो रामपुर सीट पर आसिम राजा ने बढ़त बनाई हुई थी। लेकिन बाद में जैसे जैसे वोटों की गिनती बढ़ी वैसै- वैसे सपा प्रत्याशी दोनों सीटों पर पिछड़ते चले गए और रामपुर में धनश्याम लोधी तो आजमगढ़ में निरहुआ ने बढ़त बनानी शुरू कर दी और आखिर में भाजपा के दोनों प्रत्याशी जीत गए।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर