Move to Jagran APP

भगदड़ कोई साजिश नहीं थी… तो बच जाती कई जिंदगियां, हाथरस हादसे पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर किया पलटवार

सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाथरस हादसे को लेकर योगी सरकार पर पलटवार किया है। सीएम योगी के साजिश वाले बयान पर अखिलेश ने कहा कि हाथरस में भगदड़ कोई साजिश नहीं थी। आरोप लगाया कि सरकार साजिश कह कर अपनी जिम्मेदारी से नहीं भाग सकती। अखिलेश यादव ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर भी बड़ा हमला बोला है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Published: Thu, 04 Jul 2024 10:13 PM (IST)Updated: Thu, 04 Jul 2024 10:13 PM (IST)
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हाथरस में भगदड़ कोई साजिश नहीं थी। हाथरस की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साजिश वाले बयान पर अखिलेश ने कहा कि इसमें कोई षड्यंत्र नहीं हो सकता है। असली मुद्दे से सरकार ध्यान हटाना चाहती है, किंतु वह अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम कोई पहली बार नहीं हो रहा है प्रदेश में जगह-जगह ऐसे कार्यक्रम होते रहे हैं। कई बार आयोजकों को भी पता नहीं होता है कि उनके यहां कितने लोग शामिल हो जाएंगे, यह जिम्मेदारी शासन प्रशासन की है।

आरोप लगाने से कोई लाभ नहीं 

सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसी पर आरोप लगाने से कोई लाभ नहीं मिलेगा। भाजपा के लोग इंटरनेट मीडिया पर कुछ तस्वीरें चलवा रहे हैं भाजपा का यही काम है। इस लोकसभा चुनाव में तो उसे थोड़ी सीटें मिल गईं हैं, अगली बार वह सभी सीटें हारेगी।

उप मुख्यमंत्री राजनीतिक स्वास्थ्य बेहतर करने में जुटे

अखिलेश यादव ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर भी बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। आजकल इसी काम में दिन-रात लगे हुए हैं। यही वजह है कि विभाग पर ध्यान देने के बजाय अपना राजनीतिक स्वास्थ्य बेहतर करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पता नहीं वह कौन सा राजनीतिक विटामिन चाहते हैं।

सपा मुखिया ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री भी इस बात को जानते हैं इस कारण वे भी स्वास्थ्य विभाग के बजट में कटौती कर देते हैं। हाथरस में यदि लोगों को समय पर उपचार मिल गया होता तो कई लोगों की जान बच सकती थी। 

बसपा के पूर्व सांसद फजलुर्रहमान सपा में शामिल

सहारनपुर के बसपा के पूर्व सांसद फजलुर्रहमान गुरुवार को सपा में शामिल हो गए। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष अपने तमाम साथियों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की। कहा कि सपा की नीतियों से प्रभावित होकर मैं पार्टी में शामिल हो रहा हूं। 

सपा अध्यक्ष ने उनका पार्टी में स्वागत व आभार व्यक्त किया। कहा कि 2019 के चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी फजलुर्रहमान के लिए ही सबसे पहले वोट मांगा था। बसपा का नाम लिए बगैर कहा कि चुनाव जीतने के बाद दूसरे दल ने हम लोगों से दूरी बना ली थी किंतु हम लोगों ने उनके सांसदों से लगातार संपर्क बनाए रखा। 

सहारनपुर से आए उनके साथियों को आश्वस्त करते हुए अखिलेश ने कहा कि जब कभी भी समाजवादियों को मौका मिलेगा तब सहारनपुर से लखनऊ को एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम जरूर करेंगे।

यह भी पढ़ें: Allahabad High Court : आगरा की शाही मस्जिद में श्रीकृष्ण के विग्रह के दावे पर एएसआइ से कोर्ट ने मांगा जवाब

यह भी पढ़ें: क्रिकेट फैंस को झटका, नोएडा में AFG vs BAN के बीच होने वाली सीरीज स्थगित; सामने आई ये वजह


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.