Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सुभासपा ने चुनाव चिह्न बदलकर किया ‘चाबी’, उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर बनाए प्रदेश अध्यक्ष

लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान झटका खाने के बाद सुभासपा ने अपना चुनाव चिह्न बदलने का निर्णय किया है। सुभासपा ने अपना चुनाव चिह्न छड़ी के स्थान पर ‘चाबी’ रखने की घोषणा की है जो पहले ‘हॉकी’ था। पार्टी ने इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। सोमवार को हुई सुभासपा की बैठक में ओम प्रकाश राजभर को फिर से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Mon, 12 Aug 2024 09:29 PM (IST)
Hero Image
अब ‘छड़ी’ नहीं ‘चाबी’ होगा सुभासपा का चुनाव चिह्न।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। चुनाव के दौरान मतदाताओं में छड़ी व हॉकी को लेकर भ्रम से होने वाले नुकसान से बचने के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने अपना चुनाव चिह्न छड़ी के स्थान पर ‘चाबी’ रखने की घोषणा की है। 

इस संबंध में पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा है। पूर्व में सपा से अलग होने पर शिवपाल सिंह यादव द्वारा वर्ष 2018 में जब प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का गठन किया था तब उसका चुनाव चिह्न ‘चाबी’ था। हालांकि, बाद में प्रसपा का चुनाव चिह्न चाबी से स्टूल हो गया था।

प्रेम चंद कश्यप प्रदेश अध्यक्ष बने

सोमवार को रविन्द्रालय में हुई सुभासपा की बैठक में ओम प्रकाश राजभर को फिर से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रेम चंद कश्यप को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष चुना गया है। 

वहीं, उत्तर प्रदेश को चार भागों में विभाजित कर पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल व बुंदेलखंड के प्रदेश अध्यक्षों का भी चुनाव किया गया है। एमएलसी बिछेलाल राजभर को पूर्वांचल का प्रदेश अध्यक्ष, अमरमणि कश्यप को मध्यांचल, सुजीत बंजारा को पश्चिमांचल व कालू राम प्रजापति को बुंदेलखंड का अध्यक्ष बनाया गया। नरेंद्र कश्यप को पश्चिमांचल के युवा मंच का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

इनको भी मिली जिम्मेदारी

राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने बताया कि डॉ. अरविंद राजभर को राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव चुना गया। वहीं सालिक यादव को राष्ट्रीय संगठन मंत्री, राम ललित चौधरी को उपाध्यक्ष, पतिराम राजभर को सदस्यता प्रभारी, विनोद राजभर व कालूराम प्रजापति तथा रामाश्रय पासवान को सचिव, रजनीश श्रीवास्तव को कार्यकारिणी का सदस्य, अशोक अग्रवाल को व्यापार प्रकोष्ठ का महासचिव व राधिका पटेल को महिला मंच का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। इस मौके पर 25 जिला अध्यक्षों की घोषणा भी की गई। 

बिहार में भी उतारेंगे उम्मीदवार

एनडीए के सहयोगी दल सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भी हम उम्मीदवार उतारेंगे। उन्होंने कहा कि भर व राजभर जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल करवाने के लिए जारी संघर्ष को और तेज किया जाएगा। 

बुनकरों को सम्मान निधि दिलाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। सुभासपा पिछले बीस वर्षों से जाति आधारित गणना, रोहिणी आयोग की रिपोर्ट, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने, एक समान अनिवार्य मुफ्त शिक्षा तथा उत्तर प्रदेश में शराबबंदी को लेकर संघर्ष कर रही है, इसे जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की भी घोषणा जल्द की जाएगी।

यह भी पढ़ें: UP Election 2024: जातीय समीकरण को भांप गई सपा, उपचुनाव में सांसदों और विधायकों को सौंपी जिम्मेदारी

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश के किस जिले में… कौन से मंत्री स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे शामिल, लिस्ट जारी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर