Move to Jagran APP

Teachers Day 2022: गोंडा के सुनील की मेहनत रंंग लाई, अपने बलबूते शुरू किया विज्ञान प्रयोगशाला; अब मिलेगा राज्य पुरस्कार

Teachers Day 2022 दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो स्वयं व समुदाय के सहयोग से भी बेहतर किया जा सकता है। ऐसा करके दिखाया है वजीरगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबा मेठिया के शिक्षक सुनील आनंद ने। अब शिक्षक को उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा राज्य पुरस्कार।

By Vrinda SrivastavaEdited By: Updated: Sat, 03 Sep 2022 02:17 PM (IST)
Hero Image
सुनील के प्रयास से स्कूल में खिला आनंद का फूल।

गोंडा, [अजय पांडेय]। बदलाव के लिए सरकारी मदद मायने नहीं रखती है। दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो स्वयं व समुदाय के सहयोग से भी बेहतर किया जा सकता है। ऐसा करके दिखाया है वजीरगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबा मेठिया के शिक्षक सुनील आनंद ने। वह लगन व मेहनत से बच्चों की किस्मत चमका रहे हैं।

विज्ञान प्रयोगशाला के साथ ही पठन-पाठन का बेहतर वातावरण है। दीवारों पर सुंदर चित्रकारी कराने के साथ ही परिसर को छात्रों के लिए रूचिकर बनाया है। शिक्षक ने कर्तव्य निष्ठा के बलबूते पर आनंद का फूल खिलाया है। यहां छात्र प्राइवेट स्कूल से बेहतर सुविधा में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य को देखकर राज्य अध्यापक पुरस्कार-2021 के लिए चयन किया गया है।

वजीरगंज के चंदापुर में 11 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा आठ प्राइवेट स्कूल भी खुले हैं। सुनील को वर्ष 2013 में प्राथमिक विद्यालय माझा राठ से प्रोन्नत करके गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय बाबा मेठिया में तैनात किया गया है। उस समय स्कूल में कुछ सात छात्रों का नामांकन था। स्कूल में सुविधाओं के नाम पर भवन के अतिरिक्त कुछ नहीं था।

अभिभावकों की राय भी प्राइमरी स्कूल व अध्यापक को लेकर अच्छी नहीं थी। ऐसे में सुनील ने बदलाव की मुहिम शुरू की। घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया। उनको बेहतर शिक्षा का भरोसा देकर बच्चों का प्रवेश कराने के लिए प्रोत्साहित किया। नामांकन बढ़ा लेकिन, अब चुनौती बेहतर करने की थी। इसके लिए वेतन से धनराशि खर्च करके पुस्तकालय, लैब की स्थापना की। स्मार्ट क्लास का संचालन शुरू किया। इसका असर रहा कि यहां चालू सत्र में 350 छात्रों का नामांकन है। प्रतिदिन 70 से 75 फीसद विद्यार्थियों की उपस्थिति रहती है।

ये पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं सुनील : विद्यालय में स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए वर्ष 2017 में राज्य आइसीटी पुरस्कार प्रदान किया गया। राज्य आर्ट क्राफ्ट प्रतियोगिता अवार्ड, यंग चेंज मेकर सम्मान, बेस्ट टीचर अवार्ड, लेखन एवं साहित्य रत्न सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा उनको जिले से लेकर मंडल व राज्य स्तर पर कई और पुरस्कार भी मिल चुका है। अब उनका चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए किया गया है।

स्कूल में हैं ये सुविधाएं : विद्यालय में छात्रों के लिए स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, रीडिंग कार्नर, सोलर पैनल, नन्हीं उड़ान बाल अखबार, मीना गुल्लक, भाभा विज्ञान क्लब है। सुनील आनंद की पाठशाला यूट्यूब चैनल है। देवीपाटन मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक विनय मोहन वन ने कहा कि शिक्षक सुनील आनंद ने उत्कृष्ट कार्य किया है। स्कूल का वातावरण बेहतर है। छात्रों को बेहतर ढंग से पढ़ाई कराई जाती है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।