Move to Jagran APP

जाट आंदोलन की लपटों से झुलसने लगा पश्चिमी उत्तर प्रदेश

हरियाणा में जाट आरक्षण को लेकर चल रही हिंसा की लपटें पश्चिमी उप्र तक पहुंच गयी हैं। शनिवार को कई जिलों में हरियाणा के आंदोलन को समर्थन देते हुए जाटों ने धरना-प्रदर्शन कर हाइवे जाम किया और ट्रैक पर धरना देकर रेल भी रोकी।

By Dharmendra PandeyEdited By: Updated: Sat, 20 Feb 2016 08:22 PM (IST)
Hero Image

लखनऊ। हरियाणा में जाट आरक्षण को लेकर चल रही हिंसा की लपटें पश्चिमी उप्र तक पहुंच गयी हैं। शनिवार को कई जिलों में हरियाणा के आंदोलन को समर्थन देते हुए जाटों ने धरना-प्रदर्शन कर हाइवे जाम किया और ट्रैक पर धरना देकर रेल भी रोकी। बागपत से हरियाणा की ओर प्रवेश बंद कर दिया गया। शनिवार को बागपत में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे जाटों ने करीब तीन घंटे जाम रख केंद्र सरकार का पुतला फूंका।

बागपत में रेवेन्यू बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने बड़ौत तहसील के किशनपुर बराल में भी दिल्ली हाइवे दो घंटे जाम रखा। इसके बाददिल्ली-सहारनपुर वाया शामली रेलमार्ग पर कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन पर दो घंटे ट्रैक कब्जाये रखा और दिल्ली से शामली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन दस मिनट के लिए रोकी।

बागपत में जाट संघर्ष समिति ने बैठक कर आंदोलन को समर्थन दिया। दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री साहब ङ्क्षसह ने भी समर्थन करते हुए हरियाणा की हिंसा के लिए केंद्र और पीएम मोदी को जिम्मेदार ठहराया।

बिजनौर में संयुक्त जाट आरक्षण समिति और अखिल भारतीय उत्तर प्रदेश जाट महासभा ने हरियाणा में उग्र हुए आंदोलन के लिए केंद्र और राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जिन्होंने आरक्षण की लड़ाई की आग में घी डालने का काम किया है उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

मेरठ में छात्रों ने मेरठ कालेज से बेगमपुल तक जुलूस निकाला और चक्का जाम कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। बेगमपुल पर मानव श्रृंखला भी बनाई। वहां से वापस आकर मेरठ कालेज के शताब्दी द्वार पर हरियाणा के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और पुलिस फायरिंग की न्यायिक जांच की मांग की।

हापुड़ में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष रङ्क्षवद्र प्रधान ने रविवार को ततारपुर बाइपास पर पंचायत करने के बद जाम लगाने का ऐलान किया। मुजफ्फरनगर में मुजफ्फरनगर-बड़ौत मार्ग पर 2 घंटे जाम रखा।

अमरोहा के काफूरपुर में भारी पुलिस बल के चलते जाट हरियाणा के मुख्यमंत्री का पुतला नहीं फूंक सके तो एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। गजरौला में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने इंदिरा चौक पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला फूंका। आगरा में शनिवार को जाटों ने कुछ देर के लिए रोहता में ग्वालियर हाईवे (एनच-3) पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। हालांकि कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी हट गए। मथुरा में रविवार को आंदोलन के दायरे में रेलमार्ग भी आ सकता है। साथ ही 22 फरवरी से प्रदेशव्यापी धरना शुरू होगा। 26 और 27 फरवरी को वृहद आंदोलन की तैयारी हो चुकी है। अलीगढ़ में रविवार को बैठक कर जाट रणनीति तय करने के बाद आंदोलन करेंगे।

प्रदेशव्यापी दो घंटे चक्का जाम

जाटों को आरक्षण देने की मांग को लेकर मुजफ्फरनगर के गांव सोरम में हुई सर्व खाप पंचायत में भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने रविवार को 11 बजे से 1 बजे तक प्रदेशभर में चक्का जाम का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में दमनात्मक करवाई तुरंत बंद हो। मृतक परिवार को मुआवजा दिया जाए, साथ ही सरकार बातचीत करे। अगर केंद्र सरकार जाटों को आरक्षण नहीं दे सकती तो सबका आरक्षण खत्म किया जाए। उन्होंने बताया कि सर्वखाप नेता शनिवार रात 8 बजे गृह मंत्री राजनाथ ङ्क्षसह से मिलकर ठोस निर्णय की मांग करेंगे।

गरीब रथ, गुवाहाटी और शहीद एक्सप्रेस रद

बरेली: जाट आंदोलन की वजह से शनिवार को बरेली आने वाली कई ट्रेन रद कर दी गईं। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली 13006 पंजाब मेल को सुबह 6.15 बजे जंक्शन आना था। यह टे्रन सात घंटे तक फंसी रही। जम्मूतवी, पंजाब और हरियाणा से आने वाली दर्जन भर ट्रेन घंटों देरी से बरेली पहुंची। लालगढ़ से न्यू तिनसुकिया जाने वाली 15910 गुवाहाटी एक्सप्रेस,जयनगर से अमृतसर जाने वाली 14674 शहीद एक्सप्रेस शनिवार में अचानक रद कर दीं। यह बरेली, मुरादाबाद, लखनऊ आदि स्टेशन नहीं पहुंची। इससे खफा यात्रियों ने आक्रोश जाहिर किया। रविवार को लालगढ़ से न्यू तिनसुकिया जाने वाली 15910 गुवाहाटी एक्सप्रेस, अमृतसर से सहरसा जाने वाली 12204 गरीब रथ एक्सप्रेस और अमृतसर से जयनगर जाने वाली 14674 शहीद एक्सप्रेस रद रहेंगी। बरेली जंक्शन से तीनों ट्रेन में 295 यात्रियों का रिजर्वेशन है। मगर इन यात्रियों को रिजर्वेशन रद कराने पर पूरी रकम लौटाई जाएगी।

मथुरा से चलेगी आला हजरत

बरेली वाया दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान से गुजरात के भुज जाने वाली 14311,14321 आला हजरत एक्सप्रेस और गुजरात के भुज से बरेली लौटने वाली 14312, 14322 आला हजरत एक्सप्रेस वाया दिल्ली, मथुरा, अलवर, अजमेर-भुज को चलेगी। इसी रास्ते से लौटेगी। रेलवे ने यह फैसला जाट आंदोलन के चलते लिया है। आला हजरत एक्सप्रेस हरियाणा से गुजरती है। यहां जाट आंदोलन चल रहा है। इसीलिए वाया मथुरा से चलाया जाएगा। मगर आला हजरत एक्सप्रेस के वाया मथुरा चलने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। क्योंकि बरेली से मथुरा को कोई ट्रेन नहीं थी।

इंटरसिटी दिल्ली तक

बरेली वाया दिल्ली-रोहतक के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस जाट आंदोलन के चलते दिल्ली तक चलाई जाएगी। 14311 बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस निर्धारित समय पर जंक्शन से चलेगी। इसी तरह 14312 बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस शाम 4.55 बजे नई दिल्ली से छूटकर रात 9.55 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।