Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Politics: भाजपा की 'जिताऊ पिच' पर अब धर्मपाल का 'टेस्ट मैच', नए प्रदेश महामंत्री संगठन की शुरू हुई पारी

UP Political News यूपी भाजपा के नए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह की पारी शुरू हो गई है। अब तक झारखंड में प्रदेश महामंत्री संगठन का दायित्व संभाल रहे मूल रूप से बिजनौर के निवासी धर्मपाल सिंह को भाजपा नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है।

By Umesh TiwariEdited By: Updated: Tue, 23 Aug 2022 09:20 PM (IST)
Hero Image
UP Political News: यूपी बीजेपी के नए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह।

UP News: लखनऊ, राज्य ब्यूरो। प्रचंड मोदी लहर ने 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए जो मैदान तैयार किया, उस पर विपक्षी लगातार हर चुनावी मुकाबला हारते जा रहे हैं। संगठन अपने पसीने से सींच-सींचकर उत्तर प्रदेश को पार्टी के लिए 'जिताऊ पिच' बना चुका है। इस पर करीब आठ वर्ष तक शानदार पारी खेलकर सुनील बंसल राष्ट्रीय महामंत्री की नई भूमिका में जा रहे हैं तो प्रदेश महामंत्री संगठन के रूप में धर्मपाल सिंह का पहले नगर निकाय और फिर 2024 के लोकसभा चुनाव का 'टेस्ट मैच' होना है। पदाधिकारियों के साथ परिचय की औपचारिकता के साथ उनकी पारी शुरू हो चुकी है और अब नजरें उनके रणनीतिक कौशल पर होंगी

अब तक झारखंड में प्रदेश महामंत्री संगठन का दायित्व संभाल रहे मूल रूप से बिजनौर के निवासी धर्मपाल सिंह को भाजपा नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले दिनों गाजियाबाद में पश्चिम और ब्रज क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक कर चुके धर्मपाल सोमवार रात को लखनऊ पहुंचे और नई भूमिका में पहली बैठक मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय में की।

इसमें प्रदेश पदाधिकारी, काशी, अवध, गोरखपुर और कानपुर क्षेत्र के अध्यक्ष, महामंत्री और सभी संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष व प्रभारी शामिल हुए। बारी-बारी से सभी ने अपना परिचय दिया। इसके बाद मंचस्थ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

प्रत्येक का वक्तव्य कार्यकर्ताओं को संगठन की क्षमता और आपसी समन्वय का संदेश देने वाला रहा। 2014 से संगठन मंत्री के रूप में प्रदेश में भाजपा के रणनीतिकार की भूमिका निभा रहे सुनील बंसल ने अपने अनुभव साझा किए। कहा कि वह राजस्थान के निवासी हैं।

उत्तर प्रदेश आए तो यहां किसी से पुराना संपर्क नहीं था, लेकिन संगठन कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में काम करते हुए यहां से काफी कुछ सीखा। उन्होंने कहा कि संगठन पहले भी था, लेकिन व्यवस्थित रूप से रणनीति बनाकर काम किया तो भाजपा हर चुनाव यहां जीतने लगी।

अब सदस्यों की 'क्वांटिटी' पर्याप्त है, इसलिए संगठन की 'क्वालिटी' पर ही ध्यान देना है। धर्मपाल सिंह यहां पहले से काम कर चुके हैं, इसलिए वह बेहतर काम करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और अब तक यहां सह महामंत्री संगठन रहे झारखंड के नए प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर ने संगठन की एकजुटता पर जोर दिया, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।

इसके बाद बारी थी नए संगठन मंत्री की। धर्मपाल सिंह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि सुनील बंसल ने यहां फील्ड सजा दी है, अब इसी पर हमें आगे बढ़ना है। बंसल अब राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व निभाएंगे।

इस नाते से उत्तर प्रदेश को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उनका जुड़ाव ऐसा हो चुका है कि अब न वह उत्तर प्रदेश को छोड़ सकते हैं और न ही उत्तर प्रदेश उन्हें छोड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर भाजपा विजय रथ पर बढ़ती रहेगी।

धर्मपाल ने मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट : राजधानी में अपना कार्यभार संभालने के लिए आने पर सबसे पहले मंगलवार सुबह धर्मपाल सिंह मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचे। वहां सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।