UP Live Breaking News: ज्ञानवापी मस्जिद परिसर मामले में सुनवाई पूरी, फैसला तीन अगस्त को
UP Latest News Updates: उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, अलीगढ़, बरेली सहित सभी जिलों की छोटी-बड़ी खबरों के साथ हर पल की अपडेट आपको मिलेंगी Jagran.Com के इस लाइव ब्लॉग में...
लखनऊ, जेएनएन। UP Breaking News Live Update Today उत्तर प्रदेश की राजनीति में उथल-पुथल, शिक्षा, चिकित्सा, अपराध, बिजनेस, सोशल मीडिया पर वायरल टिप्पणियां, मानसून की जानकारी, रेलवे, यूपी के सभी जिलों की छोटी-बड़ी खबरें आपको इस ब्लॉग में मिलेंगी...
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर मामले में सुनवाई पूरी, फैसला तीन अगस्त को
विधि संवाददाता, प्रयागराज। वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर के वैज्ञानिक सर्वे मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश प्रीतिंकर दिवाकर ने गुरुवार को सुनवाई पूरी कर ली। करीब पौने पांच बजे सुनवाई पूरी होने पर उन्होंने कहा कि तीन अगस्त को फैसला सुनाया जाएगा। तब तक सर्वे पर रोक लगी रहेगी। इससे पहले मंदिर व मस्जिद पक्ष ने जमकर बहस की। विधिक तथ्यों संग ऐतिहासिक तथ्य रखे गए। भारतीय पुरातत्व सर्वे व राज्य सरकार ने अपना पक्ष रखा। मंदिर पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने बताया कि मंदिर शिखर को गुंबद से और ज्योतिलिंग को नए निर्माण से ढांका गया है।
तहसीलदार को हटाने की मांग पर अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट को घेरा
Sant Kabir Nagar: खलीलाबाद के तहसीलदार को हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में डीएम, कप्तान समेत सभी कर्मचारियों को मुख्य द्वार पर ताला बंद कर बंधक बना लिया। इस दौरान कुछ लोगों को अधिवक्ताओं ने पीटा भी है। कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई है। बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं।
बदायूं: बंदर के साथ क्रूरता का वीडियो प्रसारित, प्राथमिकी दर्ज
आसफपुर ब्लाक क्षेत्र के दांवरी गांव में बंदर के साथ क्रूरता का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। दो युवक डंडे से मारते दिख रहे हैं। अधमरे बंदर को डंडे से फेंकते दिखाई दे रहे हैं। आखिर में उसे पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने फैजगंज बेहटा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसओ सिद्धांत शर्मा ने बताया की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
सहारनपुर: सीबीआइ ने तलब किए रेलवे के दो कर्मचारी, 31 को पेश होंगे
पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में भूमि के बदले रेलवे में नौकरी दिए जाने की जांच की आंच सहारनपुर तक पहुंची है। सीबीआइ ने अंबाला डिवीजन के 11 रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है, जिसमें जितेंद्र कुमार और उपेंद्र चौधरी नाम के दो कर्मचारी सहारनपुर में टेक्निकल विभाग में तैनात हैं। अंबाला रेल डिवीजन के सीनियर डिवीजनल पर्सनल अधिकारी रविंद्र सिंह ने सीबीआइ की तरफ से जारी नोटिस का हवाला देते हुए इन कर्मचारियों को 31 जुलाई को दिल्ली के सीबीआइ कार्यालय में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया है।
फर्रुखाबादः समान नागरिक संहिता की मन्नत मांग मुस्लिमों ने चढ़ाई कांवड़
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के जिला संयोजक कुंअर आसिफ अली ने समान नागरिक संहिता की कामना पूरी करने के लिए भगवान शिव पर कांवड़ चढ़ाई। गुरुवार को वह अपने मुस्लिम साथियों को लेकर पांचालघाट पहुंचे और गंगा जल लेकर पैदल रेलवे रोड स्थित पांडेश्वर नाथ पंडाबाग मंदिर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ चढ़ाकर भगवान शिव से देश में समान नागरिक संहिता कानून लागू कराने की कामना की। आसिफ अली ने बताया कि वह कई सालों से कांवड़ चढ़ा रहे हैं। पिछले साल उन्होंने अखंड भारत की कामना के लिए कांवड़ यात्रा निकाली थी।
प्रयागराज: हिरासत में लिए गए नैनी जेल पहुंचे सपा नेता
नैनी सेंट्रल जेल में बंद इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रनेता अजय सम्राट से मिलने सपा नेताओं का 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। जेल प्रशासन ने सपा नेताओं को प्रवेश नहीं दिया। इससे नाराज होकर सपा नेता गेट पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इस पर पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं को हिरासत में ले लिया। सबको पुलिस लाइन लाया गया है। हिरासत में लिए गए नेताओं में एमएलसी मान सिंह यादव, विधायक डा. आरके पटेल, विधायक हाकिम लाल बिंद, प्रदेश प्रवक्ता मनोज काका आदि शामिल हैं।
बहराइच: घटने लगा घाघरा नदी का जलस्तर, तटवर्ती ग्रामीणों को मिली राहत
बारिश थमते ही बैराजों से पानी छोड़े जाने का सिलसिला कम हो गया है। इससे घाघरा का जलस्तर तेजी से घटने लगा है। जलस्तर घटने से तटवर्ती ग्रामीणों को राहत मिली है। जिले के तीनों बैराजों से गुरुवार को दो लाख 69 हजार 444 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नायब तहसीलदार महसी विपुल कुमार सिंह ने बताया किजलस्तर घटने से बाढ़ की संभावना काफी हद तक कम हो गई है। संभावित बाढ़ आपदा से बचाव के लिए तैयारियां पूरी है।
रायबरेली के लालगंज में पिता ने किया पुत्री पर कुल्हाड़ी से हमला
घरेलू विवाद में एक पिता ने अपनी पुत्री पर ही कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।जिसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं।मामला मीठापुर गांव का है जहां की रहने वाली बिटाना पासवान का कहना है कि रात लगभग 8 बजे वह और उसकी पुत्री सपना घर के बाहर लेटी थी। तभी उसका पति राम भरोसे शराब के नशे में आया और गाली गलौज करने लगा। वह पानी लेने दूसरी तरफ गई इसी बीच राम भरोसे घर के अंदर से कुल्हाड़ी निकाल लाया जब उसकी 16 वर्षीय पुत्री सपना ने पिता को रोकने का प्रयास किया तो राम भरोसे ने कुल्हाड़ी से सपना पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया जिससे उसके दोनों कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं।
अलीगढ़ में गला रेतकर पत्नी की बेरहमी से हत्या
अलीगढ़ के मौलाना आजाद नगर में आरिफ ने अपनी पत्नी हिना की खुरपी से गला रेतकर हत्या कर दी। दोनों में सुबह विवाद हो गया था। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ विश्वविद्यालय: एलएलबी तीन और पांच वर्षीय पाठ्यक्रम की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए सूची जारी
एलएलबी तीन और पांच वर्षीय पाठ्यक्रम की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है। यह परीक्षाएं 11 केंद्रों पर होंगी। इन पर 18 कालेजों के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है। छात्र-छात्राएं विश्वविालय की वेबसाइट पर अपना केंद्र देख सकते हैं।
एएमयू में हिंदू छात्र की पिटाई, नाक रगड़ वाते हुए वीडियो प्रसारित
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय(एएमयू )में छात्रों की गुंडई का वीडियो प्रसारित हो रहा है। इसमें हिंदू युवक के साथ मारपीट करते मुस्लिम छात्र दिख रहे हैं। पैरों में सिर रखवाकर नाक भी रगड़वाई गई। प्राक्टर प्रो. एम. वसीम अली का कहना है कि पुलिस से मिलकर इस वीडियो की पड़ताल की जा रही है। बिना पुष्टि किए कुछ नहीं कहा जा सकता।
मुजफ्फरनगर: बायलर फटने से दो श्रमिकों की मौत
मुजफ्फरनगर में बजरंग एलम फैक्ट्री में गुरुवार सुबह लगभग दस बजे बायलर फट गया। हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस का कहना है अली नवाज और राम बोहरन की मौत हुई है, जबकि बृजपाल घायल हुआ है। फैक्ट्री में सोडियम सिलिकेट बनाया जाता है।
बुलंदशहर: ट्रेन से कटकर वृद्धा की मौत
नगर कोतवाली क्षेत्र की चांदपुर रोड स्थित अंडरब्रिज के निकट खुर्जा मेरठ रेलवे लाइन पर बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वृद्ध ने खुद ट्रेन के सामने आकर अपनी जान दी है। हालांकि, अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस व आरपीएफ टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर: सपा नगर अध्यक्ष का हत्या करने वाला पति गिरफ्तार
शाहजहांपुर में सपा महिला सभा की नगर अध्यक्ष की हत्या करने पति को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। सास समेत छह अन्य आरोपित अभी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मुहल्ले में पीएसी के जवान अब भी तैनात हैं। शहर के शांतिपुरम कालोनी निवासी सपा महिला सभा की नगर अध्यक्ष खालदा की बुधवार को उनके पति रकीम ने स्वजन के साथ मिलकर हत्या कर दी थी।
बदायूं: उतरने के बाद गंगा में फिर बढ़ने लगा पानी
बदायूं में गंगा के जलस्तर में चार दिन से लगातार गिरावट आ रही थी। 33 सेमी जलस्तर नीचे आने के बाद कल से फिर वृद्धि शुरू हो गई है। दो दिन में जलस्तर में 11 सेमी की वृद्धि हो चुकी है। गंगा खतरे के निशान से 68 सेमी ऊपर बह रही है।
सर्पदंश की घटनाओं से बचाव को जारी की एडवाइजरी
प्रतापगढ़ में संर्पदंश की घटनाओं को जन जागरूकता एवं चिकित्सा प्रबंधन से न्यूनीकृत किया जा सकता है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें सर्पदंश से बचाव के उपाय, सर्पदंश की स्थिति में क्या करें, क्या न करें को लेकर बताया गया है। जिला प्रशासन ने बताया कि सर्पदंश होने पर घबराएं नहीं, जिस जगह पर सर्पदंश है, वहां से सभी प्रकार के आभूषण जैसे घड़ी, अंगूठी आदि को निकाल दें।
कानपुर देहात: प्रेमी युगल ने फंदा लगाकर दी जान
घर से भागे प्रेमी युगल ने मूसानगर में सराय के जंगल के पास फंदा लगाकर जान दे दी।पुलिस ने छानबीन की। किशोरी की गुमशुदगी भोगनीपुर थाने में बुधवार को दर्ज हुई थी। दोनों दूर के रिश्तेदार लगते थे।