Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Budget Session: मुलायम पर केतकी सिंह की टिप्पणी, सपा के विधायक हो गए नाराज, कहा- भाजपा सरकार ने ही उन्हें…

विधानसभा में मंगलवार को भाजपा की बांसडीह की विधायक केतकी सिंह ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का नाम लिए बगैर कुछ ऐसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर दिया जो सपा सदस्यों को नागवार गुजरा। उन्होंने मुलायम सिंह यादव की तुलना जनरल डायर से करते हुए कुछ आपत्तिजनक शब्द बोल दिए जिससे सपा सदस्य हंगामा करते हुए वेल में आ गए।

By Shobhit Srivastava Edited By: Shivam Yadav Updated: Tue, 06 Feb 2024 10:41 PM (IST)
Hero Image
मुलायम पर आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज सपा सदस्यों का वेल में धरना।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा में मंगलवार को भाजपा की बांसडीह की विधायक केतकी सिंह ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का नाम लिए बगैर कुछ ऐसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर दिया जो सपा सदस्यों को नागवार गुजरा। 

उन्होंने मुलायम सिंह यादव की तुलना जनरल डायर से करते हुए कुछ आपत्तिजनक शब्द बोल दिए, जिससे सपा सदस्य हंगामा करते हुए वेल में आ गए। भाजपा सदस्य से माफी मांगने की मांग को लेकर धरना देने लगे। इससे सदन की कार्यवाही करीब आधा घंटा बाधित रही। 

वहीं, भाजपा विधायक ने भी सपा सदस्यों पर अपशब्द बोलने के आरोप लगाए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद इसे कार्यवाही से बाहर निकाल दिया है।

सपा के दूसरे सदस्य भी वेल में पहुंचे

विधानसभा में जिस समय केतकी सिंह बोल रही थीं, उस समय अधिष्ठाता मंजू शिवाच सदन संचालित कर रही थीं। भाजपा विधायक की बात सुनकर सबसे पहले सरधना के सपा सदस्य अतुल प्रधान वेल में आ गए। कुछ ही देर में सपा के दूसरे सदस्य भी वेल में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। 

अधिष्ठाता ने कहा कि इसमें कुछ भी आपत्तिजनक होगा तो उसे कार्यवाही से बाहर कर दिया जाएगा। इसके बावजूद सपा सदस्य धरने पर बैठे रहे। हंगामा लंबा होता देख विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सदन में पहुंचे और उन्होंने सपा सदस्यों को सबसे पहले वेल से अपने स्थान पर बैठने के लिए कहा। 

इसके बाद उन्होंने सपा सदस्यों से पक्ष जाना। सपा के अतरौलिया के विधायक संग्राम यादव ने कहा कि भाजपा ऐसा प्रदर्शित कर रही है कि हम सभी प्रभु राम के विरोधी हैं। जो अब (मुलायम सिंह यादव) इस दुनिया में नहीं हैं उन पर अपमानजनक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। 

भाजपा सरकार ने ही उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया है। केतकी सिंह के बयान से हम सभी आहत हैं। अतुल प्रधान व दुर्गा प्रसाद यादव ने भी आपत्ति जताते हुए इस पर आपत्ति जताई।

केतकी सिंह ने भी आरोप लगाया कि उन्हें भी सपा सदस्य की ओर से अपशब्द कहे गए हैं। बाद में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के निर्देश पर पर केतकी सिंह ने खेद व्यक्त किया है। महाना ने इस हिस्से को कार्यवाही से निकाल दिया है।

वहीं, सपा सदस्य अतुल प्रधान ने कहा कि यदि मेरे द्वारा भी महिला सदस्य पर कोई अशोभनीय टिप्पणी हुई है तो उसके लिए मैं खेद व्यक्त करता हूं।

यह भी पढ़ें: Congress की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश, रायबरेली या अमेठी में राहुल गांधी के साथ आ सकते हैं नजर

यह भी पढ़ें: UP Budget Session: सपा के 14 विधायकों ने राम मंदिर पर बधाई प्रस्ताव का किया विरोध बाकी सदस्यों ने...

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर