Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP Medical College : यूपी के इन तीन जिलों में PPP माॅडल पर खुलेंगे मेडिकल काॅलेज- सरकार बढ़ाने जा रही MBBS की सीटें

प्रदेश में वर्ष 2016-17 में प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 5390 सीटें थीं और अब वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 11200 हो गई हैं। ऐसे में एमबीबीएस की सीटों में 108 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं वर्ष 2016-17 में पीजी कोर्सेज की कुल 1344 सीटें थीं और अब वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 3781 हो गई हैं। पीजी की सीटों में 181 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

By Ashish Kumar Trivedi Edited By: Mohammed Ammar Updated: Sat, 28 Sep 2024 10:35 PM (IST)
Hero Image
कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। प्रदेश में तीन जिलों में सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी) पर मेडिकल कालेज खोले जाएंगे। यह मेडिकल कालेज बागपत, कासगंज व हाथरस में स्थापित किए जाएंगे। जल्द कैबिनेट में इनके निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा।

केंद्र सरकार की वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) स्कीम के तहत इनका निर्माण किया जाएगा। इसी तरह अमेठी में स्वशासी राज्य मेडिकल कालेज के भवन का 34 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं मऊ में पीपीपी माडल पर कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

2024-25 के सेशन में शुरू हो रही पढ़ाई

महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा किंजल सिंह ने बताया कि इन दोनों कालेजों के लिए वर्ष 2025-26 में एमबीबीएस की 100-100 सीटों के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग में आवेदन किया जाएगा। इस शैक्षिक सत्र वर्ष 2024-25 में प्रदेश के 12 स्वशासी राज्य मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो रही है।

इसमें बिजनौर, कुशीनगर, सुलतानपुर, गोंडा, ललितपुर, लखीमपुर खीरी, चंदौली, बुलंदशहर, पीलीभीत, औरैया, कानपुर देहात व कौशांबी शामिल हैं। इन मेडिकल कालेजों में 15 प्रतिशत सीटों पर आल इंडिया कोटे के तहत दाखिले किए जा रहे हैं और 85 प्रतिशत सीटों पर राज्य स्तरीय नीट प्रथम चक्र की काउंसिलिंग में अधिकांश सीटों पर प्रवेश हो चुका है। बाकी बची सीटें दाखिले के दूसरे चरण में भरी जा रही हैं।

प्रदेश में वर्ष 2016-17 में प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 5,390 सीटें थीं और अब वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 11,200 हो गई हैं। ऐसे में एमबीबीएस की सीटों में 108 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं वर्ष 2016-17 में पीजी कोर्सेज की कुल 1,344 सीटें थीं और अब वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 3,781 हो गई हैं। पीजी की सीटों में 181 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें