Move to Jagran APP

यूपी में बिछाया जाएगा सड़कों का जाल, एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ इन मार्गों का भी विकास करेगी योगी सरकार

प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सरकार ने सड़कों का जाल बिछाने की योजना पर काम और तेज कर दिया है। प्रदेश के सभी ब्लॉकों को दो लेन मार्गों से जोड़ने का कार्य अगले वर्ष मार्च माह तक पूरा हो जाएगा। ब्लॉकों को दो लेन मार्गों से जोड़ने के 162 में से 88.27 प्रतिशत यानी 143 कार्य पूरे हो चुके हैं।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Tue, 16 Jul 2024 11:46 PM (IST)
यूपी में बिछाया जाएगा सड़कों का जाल, एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ इन मार्गों का भी विकास करेगी योगी सरकार
अगले वर्ष तक दो लेन मार्गों से जुड़ जाएंगे प्रदेश के सभी ब्लाॅक।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के सभी ब्लॉकों को दो लेन मार्गों से जोड़ने का कार्य अगले वर्ष मार्च माह तक पूरा हो जाएगा। ब्लॉकों को दो लेन मार्गों से जोड़ने के 162 में से 88.27 प्रतिशत यानी 143 कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष 13 कार्यों को दिसंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। 

छह कार्यों को वर्ष 2025 में मार्च माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सरकार ने सड़कों का जाल बिछाने की योजना पर काम और तेज कर दिया है। 

लोक निर्माण विभाग को दी गई जिम्मेदारी

सरकार की कोशिश है कि एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ राष्ट्रीय राज मार्ग तथा राज्य मार्गों के साथ-साथ मुख्य जनपदीय मार्ग (एमडीआर) तथा ब्लाक स्तर तक अच्छी सड़कों की सुविधा लोगों को उपलब्ध करवाई जाए। 

इसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ब्लॉकों को दो लेन मार्गों से जोड़ने के साथ-साथ प्रदेश में अंतरराज्यीय सीमा वाले मार्गों का भी विकास किया जा रहा है। 

इसके तहत कुल 102 सड़कों का निर्माण किया जाना है। इसमें से 86 कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है और 16 सड़कें निर्माणाधीन हैं। इनमें से आठ सड़कों का निर्माण इसी वर्ष दिसंबर माह तक भीतर पूरा कर लिया जाएगा। शेष आठ कार्यों को वर्ष 2025 की पहली तिमाही में पूर्ण कर लिया जाएगा। 

138 कार्य हुए पूरे

इसी प्रकार, केंद्रीय मार्ग निधि के अंतर्गत स्वीकृत कुल 142 परियोजनाओं पर भी तेजी के साथ काम किया जा रहा है। इनमें से 138 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।

लोक निर्माण विभाग द्वारा पिछले सात वर्षों में प्रदेश में 28,538 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का विकास व नवनिर्माण किया गया है। प्रदेश में कुल 4,115 किलोमीटर के 46 नए राष्ट्रीय मार्ग तथा 5,604 किलोमीटर के 70 नए राज्य मार्गों के निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। 

उल्लेखनीय है कि लोनिवि द्वारा प्रतिदिन नौ किलोमीटर मार्गों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। सात वर्षों में 2,503 किलोमीटर राज्य मार्गों, 5,934 किलोमीटर प्रमुख जिला मार्गों तथा 13,849 किलोमीटर अन्य जिला मार्गों का भी निर्माण किया गया है।

यह भी पढ़ें: UP News: योगी सरकार के निशाने पर घपलेबाज बीडीओ, ग्रामीण विकास की राशि में किया था करोड़ों का खेल… अब ये एक्शन!

यह भी पढ़ें: UP News: किसानों की शुभचिंतक बनी योगी सरकार, मंडियों में फसलों की सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम, बनेंगे कोल्ड रूम