Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: एक सप्ताह में सभी पुलिस थानों को करें CCTV से लैस, CM योगी ने जारी किए निर्देश

मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि आम लोगों व्यापारियों संस्थानों के संचालकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। लोग अपनी सुविधानुसार अपने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का डेटा अपने पास ही सुरक्षित रख सकते हैं लेकिन आवश्यकता पड़ने पर फुटेज केवल पुलिस को ही उपलब्ध कराएं। सार्वजनिक परिवहन वाले वाहन चालकों का पुलिस वेरीफिकेशन जरूर करवाया जाए।

By Jagran NewsEdited By: Mohammad SameerUpdated: Sat, 26 Aug 2023 02:38 AM (IST)
Hero Image
मुख्यमंत्री का निर्देश, एक सप्ताह में सभी पुलिस थानों को करें सीसीटीवी से लैस (file photo)

राज्य ब्यूरो, लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि सभी पुुलिस थानों को एक सप्ताह के अंदर सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाए। सेफ सिटी परियोजना की प्रगति की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन वाले वाहन चालकों का पुलिस वेरीफिकेशन जरूर करवाया जाए।

महिला सुरक्षा व सम्मान के लिए सेफ सिटी परियोजना उपयोगी सिद्ध हो रही। इसके तहत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, चौक-चौराहों, सरकारी व निजी अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी लगवाए जाएं।

मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि आम लोगों, व्यापारियों, संस्थानों के संचालकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।

लोग अपनी सुविधानुसार अपने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का डेटा अपने पास ही सुरक्षित रख सकते हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर फुटेज केवल पुलिस को ही उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि परियोजना के माध्यम से लखनऊ में माडर्न कंट्रोल रूम, पिंक पुलिस बूथ, आशा ज्योति केंद्र, सीसीटीवी कैमरे, महिला थानों में परामर्शदाताओं के लिए हेल्प डेस्क, बसों में पैनिक बटन व अन्य सुरक्षा उपायों को लागू करने में सहायता मिली है, लेकिन अब इसके और विस्तार की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के प्रथम चरण में सभी 17 नगर निगमों और गौतमबुद्ध नगर को सेफ सिटी के रूप में विकसित किया जाना है। दूसरे चरण में 57 जिला मुख्यालयों की नगर पालिकाओं और तीसरे चरण में 143 नगर पालिकाओं को सेफ सिटी परियोजना से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहरों के प्रवेश मार्गों पर सेफ सिटी का बोर्ड लगाकर इसका प्रचार किया जाए। इस परियोजना को महिलाओं साथ बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा से भी जोड़ना चाहिए। बैठक में सेफ सिटी एप के बारे में जानकारी दी गई।

हर माह जिला स्तर पर बैठक के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा है कि माह में एक बार जिला स्तर पर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों व दिव्यांगजनों के लिए विशेष बैठक कर उनकी समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जाए। इससे परियोजना की सफलता को और बल मिलेगा।

17 जिलों में लगेंगे 16,996 सीसीटीवी कैमरे

आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर व वाराणसी स्मार्ट सिटी में पुलिस ने 9,396 स्थानों को सीसीटीवी लगाए जाने के लिए चिन्हित किया है। इनमें से अब तक 3,489 जगहों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं। अयोध्या, गोरखपुर, फिरोजाबाद, मथुरा-वृंदावन, शाहजहांपुर, मेरठ और गाजियाबाद में 7,600 से अधिक जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के लिए स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है।