Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की पांच संस्थाओं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्य नामित

UP News - उत्तर प्रदेश सरकार ने संस्कृति विभाग के तहत विभिन्न अकादमियों और संस्थानों के लिए नए अध्यक्ष उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की है। नियुक्त किए गए लोगों में प्रसिद्ध कलाकार शिक्षाविद् और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान करने वाले व्यक्ति शामिल हैं। उनका कार्यकाल तीन वर्ष के लिए होगा और उन्हें शासनादेश के अनुसार सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sun, 08 Sep 2024 02:17 AM (IST)
Hero Image
प्रोफेसर जयंत खोत को उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी का अध्यक्ष एवं विभा सिंह को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्य सरकार ने संस्कृति विभाग के अधीन उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, भारतेंदु नाट्य अकादमी, उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान और बिरजू महराज कथक संस्थान के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और गैर सरकारी सदस्यों को नामित कर दिया है। इनके मनोनयन को लेकर प्रमुख सचिव संस्कृति, मुकेश कुमार मेश्राम ने आदेश जारी कर दिया है। इनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने से तीन वर्ष के लिए होगा।

वाराणसी के प्रसिद्ध रंगमंच कर्मी डॉ. रति शंकर त्रिपाठी को भारतेंदु नाट्य अकादमी का अध्यक्ष बनाया गया है। वह कई फिल्मों में भी सह कलाकार के रूप में काम कर चुके हैं। वाराणसी के दिनेश श्रीवास्तव, फर्रुखाबाद के सुरेंद्र कुमार पांडेय, कानपुर के ओमेंद्र कुमार वर्मा, अलीगढ़ के आलोक शर्मा व गोरखपुर के मानवेंद्र त्रिपाठी को अकादमी का सदस्य मनोनीत किया गया है।

वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा को उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। सीतापुर के गिरीश चंद्र को ललित कला अकादमी का उपाध्यक्ष तथा मथुरा के अनिल सोनी, गोरखपुर के डॉ. संदीप श्रीवास्तव, आगरा की डॉ. आभा सिंह, कानपुर के डॉ. शुभम शिवा व लखीमपुर खीरी के अभिनव दीप को सदस्य मनोनीत किया गया है।

वहीं, प्रयागराज के प्रोफेसर जयंत खोत को उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के अध्यक्ष रह चुके हैं। खीरी की विभा सिंह को उपाध्यक्ष, वाराणसी के डॉ. ज्ञानेश चंद्र, कानपुर की कविता सिंह, अंबेडकरनगर की उपमा पांडेय, जौनपुर की ज्योति सिन्हा, महराजगंज के अमित जायसवाल, मुरादाबाद के राकेश जायसवाल, प्रयागराज की ज्योति मिश्रा, अयोध्या के प्रभाकर मौर्य, कासगंज के डॉ. सुभाष चंद्र दीक्षित, लखनऊ के श्रीकांत शुक्ला, वाराणसी के ललित कुमार, बाराबंकी की सरोज रावत को सदस्य मनोनीत किया गया है।

लखनऊ की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना कुमकुम धर को बिरजू महराज कथक संस्थान का अध्यक्ष व डॉ. मिथिलेश तिवारी को उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। लखनऊ के अनुज मिश्रा व सुरभि सिंह, मेरठ की रुचि बलूनी, वाराणसी की सोनी सेठ व चित्रकूट के डॉ. गोपाल मिश्रा को संस्थान का सदस्य मनोनीत किया गया है।

गोरखपुर निवासी डॉ. कुमुद सिंह, आगरा के नरेंद्र पाठक, महोबा के जग प्रसाद तिवारी, बलरामपुर के ब्रजभान मरावी, लखनऊ के सुरेश प्रसाद कुशवाहा को उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान का सदस्य मनोनीत किया गया है। संस्थाओं में मनोनीत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और गैर सरकारी सदस्यों को शासनादेश के अनुसार सुविधाएं अनुमन्य होंगी।