UP News: यूपी परिवहन विभाग में UPPSC और UPSSSC से होगी भर्ती, योगी कैबिनेट का निर्णय
UP News - उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) में समूह ख और ग के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब भर्ती चयन आयोग के माध्यम से होगी। समूह ख के पदों पर भर्ती उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और समूह ग के पदों पर भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के समूह ख और समूह ग के पदों की भर्ती अन्य विभागों की तरह अब चयन आयोग के माध्यम से होगी। समूह ख के रिक्त पदों पर भर्ती प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से की जाएगी। वहीं, समूह ग की भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट से परिवहन निगम से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति मिल गई है। इसके तहत अब चंदौली में बस स्टेशन व डिपो कार्यशाला के निर्माण के लिए कृषि विभाग की चिन्हित भूमि परिवहन विभाग को निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी।
परिवहन निगम में वर्ष 2016 में 22 सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों की भर्ती आईआईएम लखनऊ के माध्यम से समूह ख के पदों पर भर्ती की गई थी। परिवहन निगम में समूह ख के तहत सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के 77 पदों को भरने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद आयोग से इन पदों पर भर्ती की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें: मंगेश यादव एनकाउंटर पर डीजीपी प्रशांत कुमार का पहला बयान, पुलिस की कार्रवाई पर कही बड़ी बात