Move to Jagran APP

UP Encounters: पुलिस मुठभेड़ में डेढ़ माह में मारे गए चार अपराधी, प्रदेश में जारी है बदमाशों के खात्मे का सिलसिला

उत्तर प्रदेश पुलिस ने पिछले डेढ़ महीने में मुठभेड़ों में चार अपराधियों को ढेर कर दिया है। 2017 से अब तक कुल 210 अपराधी मारे गए हैं जिनमें से 33 योगी सरकार 2.0 के कार्यकाल में मारे गए हैं। बुलंदशहर में रविवार को डेढ़ लाख रुपये का इनामी बदमाश राजेश जाटव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इससे पहले पांच सितंबर को सुलतानपुर डकैती का आरोपी मंगेश यादव मारा गया था।

By Alok Mishra Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sun, 13 Oct 2024 09:46 PM (IST)
Hero Image
पुलिस मुठभेड़ में डेढ़ माह में मारे गए चार अपराधी - प्रतीकात्मक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एनकाउंटर में मारे गए बदमाश की जाति के सवाल पर राजनीति व पुलिस कार्रवाई पर उठती अंगुलियों के बीच मुठभेड़ का सिलसिला जारी है। उप्र पुलिस ने डेढ़ माह में चार बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया है। वर्ष 2017 से अब तक कुल 210 अपराधी मारे गए हैं। इनमें योगी सरकार 2.0 में 33 बदमाश ढेर हुए हैं।

बुलंदशहर में रविवार को डेढ़ लाख रुपये का इनामी बदमाश राजेश जाटव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इससे पूर्व पांच सितंबर को सुलतानपुर डकैती का आरोपित मंगेश यादव और 23 सितंबर को इसी घटना में वांछित चल रहा अनुज प्रताप सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे।

गाजीपुर पुलिस ने 24 सितंबर को दो जीआरपी सिपाहियों की हत्या के मामले में आरोपित मु.जाहिद काे मार गिराया था। मंगेश यादव के मारे जाने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जाति देखकर जान लिए जाने का आरोप लगाकर राज्य सरकार व पुलिस को घेरने का प्रयास किया था।

मार्च 2017 से अब तक कितने ढेर? 

एनकाउंटर पर उठे सवालों को लेकर खुद डीजीपी प्रशांत कुमार को भी सामने आना पड़ा था। डीजीपी ने कहा था कि पुलिस जाति देखकर एनकाउंटर नहीं करती। पुलिस पूरी तरह से निष्पक्ष होकर कार्रवाई करती है। मार्च 2017 से अब तक पुलिस मुठभेड़ में कुल 210 अपराधी मारे गए हैं।

164 इनामी बदमाश

मारे गए बदमाशों में 164 इनामी बदमाश हैं। इस वर्ष अब तक 16 बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। सात वर्षाें में 13 हजार से अधिक पुलिस मुठभेड़ में 7,285 अपराधी घायल हुए। बदमाशों से मुकाबले में 17 पुलिसकर्मी बलिदान हुए। जबकि 1,600 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। सात वर्षाें में मेरठ जोन में सर्वाधिक 67 अपराधी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं।

पुलिस मुठभेड़ में डेढ़ लाख का इनामी बदमाश राजेश ढेर

मुठभेड़ में घायल हुए थाना प्रभारी।

बुलंदशहर। पुलिस की डेढ़ लाख के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली से बदमाश राजेश ढेर हो गया। बदमाश की गोली लगने से अहार थाना प्रभारी यंग बहादुर, हेड कांस्टेबल आरिफ गोली लगने से घायल हो गए। वहीं बदमाश की गोली सीओ अनूपशहर गिराजाशंकर त्रिपाठी, स्वाट प्रभारी राहुल की बुलेट प्रूूफ जैकेट में लग गई, जिससे दोनों बच गए। घायल थाना प्रभारी व सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें - UP Police की मुठभेड़ में डेढ़ लाख का इनामी बदमाश राजेश ढेर, अहार थाना प्रभारी व हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें