Move to Jagran APP

उपचुनाव से पहले गरमाई यूपी की राजनीति, अखिलेश यादव ने जिलाधिकारियों पर लगाए सांठगांठ के आरोप

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को आरोप लगाया कि जिलाधिकारी भाजपा के जिलाध्यक्ष बन गए हैं। उन्होंने कहा कि अंबेडकर नगर के जिलाधिकारी भाजपा के जिलाध्यक्ष बनकर प्रधानों और कोटेदारों को ढूंढकर उन्हें डरा धमका रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा को इसके लिए तैयार रहना पड़ेगा। इन अधिकारियों की तस्वीर लगाकर हम सबको बताएंगे कि ये भाजपा के पदाधिकारी बन गए हैं।

By Nishant Yadav Edited By: Aysha Sheikh Updated: Tue, 22 Oct 2024 06:56 PM (IST)
Hero Image
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव - फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि जिलाधिकारी भाजपा के जिलाध्यक्ष बन गए हैं। अंबेडकर नगर के जिलाधिकारी भाजपा के जिलाध्यक्ष बनकर प्रधानों और कोटेदारों को ढूंढकर उनको डरा धमका रहे हैं, जबकि अभी नामांकन भी नहीं हुआ है। क्या आइएएस अकादमी में यहीं सिखाया जाता है? सपा को इसके लिए तैयार रहना पड़ेगा। इन अधिकारियों की तस्वीर लगाकर हम सबको बताएंगे कि ये भाजपा के पदाधिकारी बन गए हैं।

कानपुर में हमारे प्रत्याशी को अधिकारियों ने साजिश के तहत उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने के लिए गलत फार्म दे दिया । हम उसकी शिकायत निर्वाचन आयोग से करने जा रहे हैं। बहराइच दंगे के मामले में आरोपियों के मकान गिराने पर कोर्ट के रोक लगाने पर बोले कि सुप्रीम कोर्ट या जनता की अदालत जब तक बीजेपी को नहीं हटाएगी, तब तक न्याय नहीं मिलेगा।

अधिकारियों पर रणनीति बनाने का लगाया आरोप

पार्टी मुख्यालय में कार्यकताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि लखनऊ में बैठे अधिकारी यह रणनीति बना रहे हैं कि चुनाव में भाजपा को कैसे जिताएं? और सपा को कैसे हराया जाए? पीडीए परिवार के लोग एकजुट हो गए हैं। सपा प्रमुख ने एक वीडियो का हवाला देते हुए फिर आरोप लगाया कि बहराइच में भाजपा ने दंगा फैलाया है। उनके विधायक अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर एफआइआर दर्ज करा रहे हैं।

पता चला है कि कई घंटे तक तक गायब रहकर पुलिस और प्रशासन ने दंगा करने वालों को खुली छूट दी थी। इसी तरह से हिटलर भी काम करता था। हिटलर के जमाने में पुलिस को हटाकर दंगा कराया जाता था। पूर्व डीजीपी कह रहे हैं कि यूपी पुलिस बहुत दबाव में है, वह निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर पा रही है।

दबाव इतना है कि भाजपाईयों ने पुलिस पर भी हथकड़ी लगा दी है। आज पुलिस के साथ ही घटनाएं हो रही हैं। कानपुर में महिला कांस्टेबल के साथ घटना हो गई। उसी शहर में एक पुलिस वाले के यहां 25 लाख रुपए पकड़े गए, पहले चांदी पकड़ी गई थी। यह स्थिति हर जिले में है। क्या अब उस पुलिसवाले का एनकाउंटर होगा ? भाजपाईयों ने पुलिस पर भी हथकड़ी लगा दी है।

भाजपा की नीयत साफ नहीं : अखिलेश यादव

एनकाउंटर को लेकर जारी नई एडवाइजरी पर कहा कि जब बीजेपी की नीयत ही साफ नहीं है तो वह न्याय कैसे देंगे? बिजनौर में 18 साल के लड़के की मार-मारकर पुलिस ने जान ले ली। यूपी कस्टोडियन मृत्यु और नकली एनकाउंटर में नंबर एक है। एक यादव की एनकाउंटर में हत्या कर दी जाए तो उसे संतुलित करने के लिए एक क्षत्रिय को भी मारना पड़ रहा है।

बटोगे तो कटोगे का नारा किसी लैब में तैयार हुआ है। भाजपा को किसी से बुलवाना था तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से बेहतर कौन बोल सकता है। यूपी उपचुनाव और महाराष्ट्र का चुनाव आइएनडीआइए गठबंधन साथ मिलकर लड़ेगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।