UP Weather News: पूरे यूपी में हुई बारिश, कहीं राहत… तो कहीं बरसी आफत, कैसा रहेगा कल का मौसम?
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहे और देर शाम तक कुछ जिलों में भारी बारिश हुई। कुछ जिलों में आंशिक और रिमझिम बारिश होती रही। बारिश के कारण हादसे भी हुए जिनमें घर गिरने और जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है और लोगों ने सर्द हवाओं को महसूस किया।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहे और देर शाम तक कुछ जिलों में भारी बारिश हुई तो कुछ जिलों में आंशिक और रिमझिम बारिश होती रही। वहीं, राज्य के अलग-अलग जगहों पर बारिश के कारण हादसे भी हुए, जिनमें घर गिरने और जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। हालांकि, बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है और लोगों ने सर्द हवाओं को महसूस किया।
शुक्रवार को तापमान अधिकतम 36 व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम-85 न्यूनतम-68 रही। अयोध्या स्थित आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के अनुसार, शनिवार को बादल छाए रहने व कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है।
कृषि विज्ञान केंद्र, बाराबंकी के मौसम सहायक सचिन शुक्ला ने बताया कि शनिवार को सुबह बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर तक धूप निकलने की संभावना है। बीच-बीच में बादलों के आ जाने से बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।
कन्नौज में ढहे 14 मकान, पांच लोग घायल
कन्नौज में हुई बारिश से अलग-अलग इलाकों में 14 कच्चे मकान ढह गए। इसमें दबकर पांच लोग घायल हो गए। इसके अलावा गृहस्थी नष्ट हो गई। सबसे अधिक तिर्वा तहसील क्षेत्र 10 मकान गिरे हैं। घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। मौसम विभाग ने 14 सितंबर तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
24 घंटों में 115.75 एमएम बारिश रिकॉर्ड
बदायूं में बुधवार की शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार की सुबह तक जारी रही। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश हुई। बूंदाबांदी के बीच मौसम विभाग ने जिले में पिछले 24 घंटों में 115.75 एमएम बारिश रिकॉर्ड किया। बदायूं में गंगा का पानी खतरे के निशान 162 मीटर से 33 सेमी ऊपर पहुंच गया। छह तटबंधों पर कटान हुआ है।
हमीरपुर खतरे के निशान के करीब पहुंची यमुना-बेतवा
बांधों और बारिश के पानी से उफनाई यमुना-बेतवा नदियां खतरे के निशान से कुछ दूर ही रह गई हैं। बेतवा नदी ने मुख्यालय के घनी आबादी वाले मोहल्ले को घेरना शुरू कर दिया।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा
बदायूं के कछला घाट पर गंगा के जलस्तर का लाल निशान 162 मीटर है। शाम तीन बजे तक गंगा का पानी खतरे के निशान से 33 सेमी ऊपर बह रहा है। पिछले 36 घंटे के बरसात से कई जगहों पर तटबंधों में कटान की बात सामने आई है।
बनबसा बैराज से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी
शारदा नदी में बनबसा बैराज से 4 लाख 19 हजार 272 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इससे नदी का जलस्तर 221.90 मीटर पर पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 223.90 मीटर पर है। फिलहाल, निचले इलाकों में नदी का पानी पहुंचने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: यूपी में Swine Flu से मौत का सिलसिला शुरू, खौफजदा लोग; डॉक्टरों ने कहा- चार लक्षणों को कभी मत करना नजरअंदाज
यह भी पढ़ें: बारिश का कहर: गजरौला-हसनपुर में गिरे कई मकान, मलबे में दबकर पांच घायल